अगरतला : त्रिपुरा के स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बड़ी जीत दर्ज करने की ओर अग्रसर है। राज्य चुनाव आयोग के अब तक के आंकड़ों के मुताबिक अगरतला नगर निगम की 51 वार्डों में से 29 पर जीत दर्ज कर ली है। इसके साथ ही नगर निगम में भाजपा को बहुमत हासिल हो गया है। एएमसी एवं नगर पंचायत की 200 से ज्यादा सीटों पर मतगणना रविवार सुबह शुरू हुई। राज्य चुनाव आयोग के अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी आठ जिलों के 13 केंद्रों पर वोटों की काउंटिंग शुरू हुई।
मतदान केंदों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
वोटों की गिनती के लिए सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। मतदान केंद्रों के आस-पास त्रिपुरा स्टेट राइफल्स एवं केंद्रीय बलों की तैनाती हुई है। दिन के बारह बजे तक भाजपा ने अगरतला नगर निगम की 19 सीटों पर जीत दर्ज कर ली थी जबकि शेष 32 वार्डों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे थे। वहीं, मेलाघर नगर परिषद की सभी 13 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार आगे थे। बेलोनिया नगर परिषद में 11 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी विजयी घोषित हुए। बाकी सीटों पर मतगणना जारी है। सोनामुरा नगर पंचायत में भाजपा उम्मीदवार सभी 13 सीटों पर आगे हैं।










































