पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाने एवं परीक्षा जारी रहते तक ध्वनि विस्तारक यंत्र कम आवाज में बजाने एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों पर कार्यवाही करने हेतु पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को नगर मुख्यालय स्थित थाना परिसर में शाम ५ बजे क्षेत्र के डीजे संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य त्यौहार, वैवाहिक कार्यक्रम एवं परीक्षा के चलते ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना और सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखना था। यह बैठक तहसीलदार भूपेन्द्र अहिरवार, थाना प्रभारी सुनिल चतुर्वेदी सहित डीजे संचालकों की उपस्थिति में प्रारंभ हुई।
आयोजित बैठक में सभी डीजे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिये गये कि होलिका दहन, धुरेड़ी (होली) के अवसर पर डीजे का उपयोग रात १० बजे तक सीमित ध्वनि स्तर (साउण्ड) में ही किया जाये। साथ ही संगीत के माध्यम से किसी भी प्रकार की अशांति या हुड़दंग को बढ़ावा नही मिलना चाहिए। साथ ही वर्तमान में बोर्ड परीक्षा जारी है एवं स्थानीय परीक्षाओं का भी दौर शुरू होने वाली है इसलिए वैवाहिक कार्यक्रम में रात १० बजे तक ही डीजे कम साउण्ड में बजाये। उक्त नियमों का पालन नही करने पर कार्यवाही करने की हिदायत दी गई। वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा दिये गये निर्देशों पर सभी उपस्थित डीजे संचालकों ने अपनी सहमति व्यक्त की और उन्होंने प्रशासन को विश्वास दिलवाया कि वे त्योहार की गरिमा एवं परीक्षा को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस द्वारा तय किये गये नियमों एवं गाइडलाइंस का पूरी तरह से पालन करते हुए डीजे बजायेगें और वे शांति व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस का सहयोग करेंगे। थाना प्रभारी ने सभी डीजे संचालकों से कहा कि डीजे बजाते समय ध्वनि विस्तारक यंत्रों के तय मानकों का पालन करें और डीजे के आसपास किसी भी तरह की अभद्रता, हुड़दंग नही होना चाहिए, यदि कोई भी संचालक नियमों का उल्लंघन करते पाया गया या निर्धारित समय-सीमा के बाद डीजे बजाते पाये जायेगें तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जायेगी और सामग्री भी जप्त की जायेगी इसलिए सभी डीजे संचालक नियमों का पालन करते हुए डीजे बजाये।










































