वारासिवनी खैरलांजी क्षेत्र में लगातार लूट की वारदातों में इजाफा होता जा रहा है जिससे हर कोई वर्तमान में डरा हुआ है। जिसके लिए पुलिस प्रशासन क्षेत्र में मुस्तैदी का दावा तो कर पा रही है परंतु एक के बाद एक लूट की वारदात पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा कर रही है। इसी कड़ी में थाना खैरलांजी अंतर्गत ग्राम पंचायत लावनी और घोटी के बीच मुख्य मार्ग पर शनिवार को दिनदहाड़े तीन युवक मोटरसाइकिल से आए और एक युवती पर प्रहार कर लूट की वारदात कारित कर फरार हो गये। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस के द्वारा मौके पर पहुच कर जांच प्रारंभ कर दी गयी है।
यह है मामला
थाना खैरलांजी अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में अन्नपूर्णा समूह की एक महिला रुपाली पिता उमरसिंह बघेले ग्राम खुरसोड़ी थाना लालबर्रा निवासी है जो अन्नपूर्णा फाइनेंस में डेली कलेक्शन का कार्य करती है। अन्नपूर्णा फाइनेंस के द्वारा ग्राम के विभिन्न समूहों को एकमुश्त राशि उधार स्वरूप उपलब्ध कराई जाती है जिसके बाद फायनेंस के कर्मचारी प्रतिदिन गांव-गांव घूमकर उक्त समूह से राशि जमा की जाती है। जिसके लिए रुपाली बघेले शनिवार को सेलवटपार से डेली कैश कलेक्शन कर वह ग्राम पंचायत घोटी कैश कलेक्शन करने अपने स्कूटी वाहन से जा रही थी। तभी घोटी से लावनी मार्ग पर एक मोटरसाइकिल में तीन युवक अचानक कहीं से आए और स्कूटी चला रही युवती के ऊपर डंडे से प्रहार कर दिया। जिससे युवती की स्कूटी अनियंत्रित होकर वह बाजू खेत मे गिर गई। जिसके बाद उक्त तीनों अज्ञात युवकों के द्वारा मोटरसाइकिल रोक पर युवती का बैग जिसमें पैसे व दस्तावेज रखे हुए थे वह छीन कर फरार हो गये। जिसमें करीब 40 हजार रुपए रखे हुए थे जो अज्ञात युवकों के द्वारा ले जा लिया गया जिस पर युवती के द्वारा राहगीरों को रोककर घटना की जानकारी दी गई जिन्होंने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी जिसके बाद उक्त स्थान पर ग्रामीणों का तांता लग गया। वही किसी व्यक्ति के द्वारा खैरलांजी पुलिस को मामले की जानकारी दी गई जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को थाने में लाकर मामले में जांच कर रही है।
लुटेरों की अनचाही दहशत में ग्रामीण
वारासिवनी खैरलांजी क्षेत्र में बीते समय में हुई लूट की वारदातें और वर्तमान में घटित हुई लूट की वारदात ऐसे मार्गों पर हुई है जो मुख्य मार्ग है और यहां पर यातायात बना हुआ रहता है। ऐसे में अनेकों ग्रामीण ग्राम से शहर और शहर से ग्राम के लिए आना-जाना करते हैं तो वही अधिकारी कर्मचारी महिला शिक्षक व अन्य महिलाएं रोजाना अपने कार्यों के लिए इन मार्गों का चुनाव करती है। ऐसे में उनके अंदर लुटेरों का एक अनचाहा डर बना हुआ है वही लुटेरों के हौसले भी बुलंद नजर आ रहे हैं जो व्यस्ततम मार्ग में लूट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। परंतु शनिवार को घटित वारदात से वह और ज्यादा डरे हुए हैं जबकि पुलिस प्रशासन के द्वारा पूर्व की लूट में संलिप्त आरोपियों को वर्तमान तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। जिसके कारण पीड़ित पक्ष अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहा है तो वही ग्रामीण लुटेरों की अनचाही दहशत में जीवन व्यापन कर रहे हैं।
इनका कहना है
प्रभारी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने दूरभाष पर चर्चा में बताया कि घोटी से लावनी मार्ग पर कुछ व्यक्तियों के द्वारा रुपाली बघेले से लूट की वारदात की गई है। जिसमें सूचना के बाद से जांच की जा रही है और मामले में अपराध कायम किया जा रहा है।










































