नेशनल पार्क के बाद अब हरियाणा के अरावली में बनाई जाने वाली जंगल सफारी में भी चीते फर्राटा भरते नजर आएंगे। हरियाणा सरकार ने जंगल सफारी की योजना में चीतों को भी शामिल करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार को चंडीगढ़ में इसकी घोषणा की। जंगल सफारी में चीते लाने के लिए केंद्र सरकार की मदद ली जाएगी। यहां शेर की प्रजातियां भी होंगी। इनके लिए अलग जोन होगा। जंगल सफारी में 10 जोन बनाए जाएंगे। इसमें एक बड़ा हर्पेटेरियम, बर्ड पार्क, बिग कैट्स के चार जोन, शाकाहारी जानवरों के लिए एक बड़ा क्षेत्र, विदेशी पशु पक्षियों के लिए जोन, एक अंडरवाटर वर्ल्ड, टूरिज्म जोन, बॉटनिकल गार्डन इत्यादि होंगे। मुख्यमंत्री के मुताबिक इस योजना के विकसित होने से न केवल राज्य में पर्यटन को एक बड़ा बढ़ावा मिलेगा, बल्कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के पर्याप्त अवसर भी मिलेंगे।










































