दिल्ली में मास्क न पहनने पर लगने वाला जुर्माना खत्म होगा

0

दिल्ली में मास्क न पहनने पर लगने वाला जुर्माना खत्म हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक में इसको लेकर चर्चा की गई, जिस पर सभी की सहमति बनी। हालांकि आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकि है। दरअसल, कोविड प्रोटोकोल का पालन कराने के लिए अभी मास्क न पहनने पर 500 रुपये के जुर्माने का प्रावधान है। पहले यह जुर्माना 2 हजार रुपये था, लेकिन पिछली DDMA की बैठक में इसे कम कर दिया गया था।
बता दें कि राजधानी दिल्‍ली में कोरोना के मामलों में कमी होने के बाद कोरोना वायरस प्रतिबंधों में काफी हद तक ढ़ील दी गई है। इससे पहले सरकार ने 27 फरवरी को नाइट कर्फ्यू हटाने के साथ ही कई तरह की पाबांदियों से लोगों को राहत देने का ऐलान किया था। इतना ही नहीं, निजी कार में यात्रा करने वाले लोगों के लिए मास्क पहनने की अनिवार्यता को भी समाप्त कर दिया गया था।
गौरतलब है कि महाराष्‍ट्र में शनिवार यानी आगामी दो अप्रैल से मास्‍क पहनना अनिवार्य नहीं होगा। कोविड के मामले में आई कमी के मद्देनजर राज्‍य में सभी कोविड-19 प्रतिबंध हटाने का फैसला लिया गया है। राज्‍य सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि मास्‍क के उपयोग की सलाह दी जाएगी, लेकिन यह अब अनिवार्य नहीं होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here