पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत मानपुर के अस्पताल कालोनी स्थित श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री भोलेशंकर जनकल्याण समिति के तत्वाधान में गत ८ फरवरी से सात दिवसीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा था। जिसका समापन हवन-पूजन, वरिष्ठजनों का सम्मान एवं भंडारारूपी महाप्रसादी वितरण के साथ सोमवार को समापन किया गया। वहीं इस ७ दिवसीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ महायज्ञ का संचालन चित्रकूट धाम (उत्तर प्रदेश) से पधारे विद्वान आचार्य पंडित अशोक कुमार पाण्डेय एवं आचार्य पंडित विमल मिश्रा के सानिध्य में संपन्न करवाया गया। वहीं महाशिवरात्रि के अवसर पर १५ फरवरी को शाम में श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर से देवों के देव महादेव के जयकारों के साथ भगवान भोलेनाथ की डीजे एवं जीवंत झाकियों के साथ शिव-बारात निकाली गई। यह शिव बारात नगर मुख्यालय के विभिन्न चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए वापस मंदिर पहुंची जहां भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती का विवाह संपन्न करवाया गया। इस दौरान शिव भक्तजनों के द्वारा शिव बारात में जमकर नृत्य भी किया गया। साथ ही इस शोभायात्रा में भगवान भोलेनाथ सहित अन्य भगवानों की जीवंत झांकिया आकर्षण का केन्द्र रही। १६ फरवरी को शाम ६ बजे मंदिर में हवन-पूजन कार्यक्रम प्रारंभ हुआ और उपस्थितजनों ने हवनकुंड में पूर्णाहुति डालकर धर्मलाभ अर्जित किये तत्पश्चात महाआरती की गई। जिसके बाद करीब ३५ वरिष्ठजनों को शाल, श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तत्पश्चात भंडारा रूपी महाप्रसादी का वितरण किया गया और क्षेत्रीय श्रध्दालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ अर्जित किये। चर्चा में श्री भोलेशंकर जनकल्याण समिति मानपुर-लालबर्रा के पदाधिकारियों ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर गत दिवस से श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ जारी था। जिसके समापन पर विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाये गये है एवं महाशिवरात्रि पर्व के दिन मंदिर से भगवान शिव की बारात डीजे की धुन पर निकाली गई और पूरे नगर का भ्रमण करने के बाद यह शिव बारात मंदिर पहुंची जहां भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती का विवाह संपन्न करवाया गया।










































