जापान में महामारी का खतरा बना हुआ है। कोरोना के खतरे के बीच जापान सरकार ने कोरोना को नॉर्मल फ्लू माना है। जापान के अलावा साउथ कोरिया में भी कोरोना के केस में लगातार वृद्धि हो रही है। यहां बीते 24 घंटे में 31 हजार से ज्यादा केस मिले।
दूसरी तरफ, भारत में नए केस रोजाना घट रहे हैं। शुक्रवार को देश में कोरोना के नए केस में 53 फीसदी की कमी आई। यहां रिकवरी रेट 98.81% पर है।
उधर, अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) ने शुक्रवार को कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों से सावधानी बरतने को कहा है। CDC के मुताबिक, इन सावधानियों में हाई क्वालिटी वाले मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग बनाना शामिल है।
चीन के गांवों में अंतिम संस्कार के लिए ताबूत कम पड़े
कोरोना ने चीन के बड़े शहरों और कस्बों के साथ-साथ गांवों में भी भयंकर तबाही मचानी शुरू कर दी है। BBC ने एक रिपोर्ट में दावा किया है कि चीन के गांवों में कोरोना से काफी लोगों की जान गई है। कुछ ही दिनों में इतने लोगों का अंतिम संस्कार हुआ है कि उत्तरी शांक्सी प्रोविंस में लोगों को दफनाने के लिए ताबूतों की भी कमी हो गई है।
BBC ने कई ताबूत बनाने वाले लोगों से बात की। सभी लोगों ने यही बताया कि कोरोना वायरस हो रही मौतों के बीच ज्यादा अंतिम संस्कार हो रहे हैं। मरने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
पहले जानिए भारत में क्या है कोरोना की स्थिति…
भारत में शुक्रवार को कोरोना के 47 नए मामले सामने आए। हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, देश में अभी 879 एक्टिव केस हैं। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में 5 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही 4 करोड़ से ज्यादा लोग वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इसी बीच आज भारत में आज स्वदेशी फार्मा कंपनी भारत बायोटेक दुनिया की पहली इंट्रानेजल कोविड-19 वैक्सीन लॉन्च की। इसका नाम iNCOVACC है।
अब जानिए दुनिया में कोरोना की स्थिति…
जापान: एक दिन में 343 लोगों की मौत हुई
जापान में शुक्रवार को कोरोना के 53911 कोरोना के केस दर्ज किए गए हैं। राजधानी टोक्यो में ही कुल 5061 केस दर्ज किए गए, जबकि एक दिन में 410 लोगों की मौत हुई है। जापान में गुरुवार को कोरोना के कारण अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों की संख्या में भी कमी आई है।
गुरुवार को 585 लोग अस्पताल में भर्ती हुए। इसी बीच जापान ने तय किया है कि वो 8 मई से कोरोना को नॉर्मल फ्लू की कैटेगरी में शामिल करेंगे। जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा का कहना है कि इससे जनता कोरोना को नॉर्मल मानेगी और वायरस के साथ जीना सीखेगी।