देश के अधिकांश राज्यों में मौसम में बदलाव के आसार हैं और लोगों को लू और चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से देश के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना है। साथ ही अगले 6 से 7 दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी नहीं हुई। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में भी, दिन में आंशिक बादल छाने और धूल भरी आंधी के साथ तेज हवाएं चलने और बूंदा बांदी की संभावना जताई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं। आपको बता दें कि दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुमान
- देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान और लू की स्थिति में कमी आएगी।
- 4 मई तक उत्तरी-पश्चिमी इलाके में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय हिस्से में 6 मई तक ऐसी स्थिति रहेगी, जबकि पूर्वोत्तर भारत में 3 मई तक इसका असर दिखेगा।
- बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में अगले 5 दिनों तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे की हो सकती है।
- पश्चिम बंगाल और सिक्किम के हिमालयी इलाके, अरूणाचल प्रदेश, असम, मेघालय आदि पूर्वोत्तर के राज्यों में 2 से 4 मई तक हल्की से भारी बारिश हो सकती है।