देश में कोरोना मंद पड़ा, 3,375 नए मामले दर्ज, सक्रिय केस की संख्या 40 हजार के नीचे

0

देश में महामारी कोरोना का वायरस अब लगातार कमजोर पड़ रहा है। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 संक्रमण के केवल 3,375 नए मामले सामने आए हैं। जबकि देश में सक्रिय केस की संख्या अब 40 हजार से नीचे गिर चुकी है। देश में इस समय सक्रिय कोरोना मामलों की संख्या केवल 37,444 रह गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़े के मुताबिक 18 लोगों की मौत के साथ ही कोरोना से देश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,28,673 हो गई है। जिसमें 11 मौतें केवल केरल राज्य में हुईं हैं।
देश में 18 से 59 वर्ष की आयु के लोगों के लिए कोरोना वैक्सीन की मुफ्त बूस्टर डोज के लिए केंद्र सरकार की 75-दिनों की समय सीमा अब खत्म हो गई है। लेकिन देश भर में इस आयु समूह के पांचवें से भी कम ने कोरोना वैक्सीन का तीसरा बूस्टर डोज लगवाया है। किसी भी बड़े राज्य में बूस्टर डोज लेने वालों का अनुपात 40 प्रतिशत भी नहीं है। शनिवार सुबह तक के आधिकारिक आंकड़े के मुताबिक बूस्टर डोज के लिए मुफ्त विंडो बंद होने तक इसके लिए योग्य केवल 20 प्रतिशत लोगों ने ही तीसरा डोज लिया है। जिससे साफ है कि बूस्टर डोज लेने में लोगों की लापरवाही आने वाले समय में ये एक बड़ी चुनौती बन सकती है।
ताजा आंकड़े के मुताबिक 60 साल या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों में बूस्टर डोज की कवरेज 50 प्रतिशत से केवल मामूली कम है। बहरहाल आंध्र प्रदेश ने सभी बुजुर्गों को कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज देने में सफलता हासिल की है। हिमाचल प्रदेश और गुजरात ने भी 80 प्रतिशत से अधिक बुजुर्गों को कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here