नगर में गुरुवार को शौर्य यात्रा अपने निर्धारित मार्ग से शांतिपूर्ण निकाली गई। इसके बाद शरारती तत्वों ने सिंघाना मार्ग और बालीपुर फाटे पर पथराव कर कुछ वाहनों के कांच फोड़ दिए। इससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। एक परिवार के साथ मारपीट की घटना होने का भी पता चला है।
नगर की शांति भंग करने के प्रयास को पुलिस प्रशासन ने सख्ती के साथ नियंत्रित कर शरारती तत्वों पर तत्काल काबू पा लिया। एसडीओपी धीरज बब्बर और टीआइ ब्रजेश कुमार मालवीय ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अन्य थानों से भी पुलिस बल बुलाया है।
मामूली घटना के बाद पुलिस की सक्रियता से कोई भी बड़ी घटना नहीं हो पाई। पुलिस घटना को अंजाम देने वाले शरारती तत्वों की तलाश में जुट गई है। माहौल गरमाता देख प्रशासन ने लोगों को भी अपने-अपने घर के लिए रवाना किया।
जानकारी के अनुसार असामाजिक तत्वों द्वारा शौर्य यात्रा के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। शौर्य यात्रा अपने निर्धारित मार्गों से होते हुए समापन स्थल पर लगभग पहुंचने वाली थी। इससे शौर्य यात्रा में किसी प्रकार से कोई व्यवधान नहीं हुआ। शाम करीब छह बजे पुलिस प्रशासन ने दुकानें बंद करवाकर मोर्चा संभाल लिया। शाम तक किसी प्रकार की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। एसडीओपी धीरज बब्बर ने बताया कि नगर में पूरी तरह शांति है। जिसने भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है।