नगर पालिका ने टैक्स बकायादारों के नाम किये सार्वजनिक

0

वारासिवनी(पद्मेश न्यूज)। नगर पालिका परिषद वारासिवनी के द्वारा समय पर टैक्स भुगतान नहीं करने वाले लोगों के नाम सार्वजनिक किये गये। जिसमें बकाया टैक्स में दर्ज नगरवासियों के नाम की सूची चौक चौराहा में होल्डिंग के रूप में लगाई गई है। जिसमें हजारों और लाखों रुपए के टैक्स समय पर नगर पालिका में जमा नहीं करने वालों के नाम दर्ज है। यह नगर पालिका के द्वारा पहली बार किया गया है जिसमें १०० नगरवासियों के नाम शामिल होने की बात कहीं जा रही है। जिसे करीब २५ से ३० लाख रुपए की वसूली की जाना है नगर पालिका के द्वारा यह सख्त कदम अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए किया गया है। ऐसे ही और भी लोग हैं जिनके कई प्रकार के टैक्स बकाया है उनके भी जल्द नाम सार्वजनिक करने की बात कही जा रही है। हालांकि नगर पालिका के द्वारा समस्त टैक्स मिलाकर नगर से करीब ८६ लाख रुपये लोगों पर बकाया है। जिसमें क्रमबद्ध तरीके से हर बकायादारों से टैक्स की राशि वसूलने का कार्य किया जा रहा है। जिसमें समय पर लोगों से टैक्स जमा करने की अपील मुख्य नगर पालिका अधिकारी के द्वारा की गई है।

नपा विशेष अभियान के तहत राजस्व की वसूली कर रही है

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद वारासिवनी की आर्थिक स्थिति किसी से छुपी नहीं है। जहां पर निर्माण कार्य सहित अनेक प्रकार की समस्या तंग आर्थिक स्थिति के कारण बनी हुई है। इसी का परिणाम है कि नगरवासियों को सुविधा प्रदान करने में कहीं ना कहीं समस्या उत्पन्न होती जा रही है। वहीं नगर पालिका में कार्यरत कर्मचारियों का भी वेतन करीब दो से तीन माह का लंबित पड़ा हुआ है, जहां आत्मनिर्भरता पर नगर के लोगों के द्वारा समय रहते टैक्स जमा ना कर प्रश्न चिन्ह लगाया जा रहा है। जिसके लिए अनेकों बार प्रयास नगर पालिका के द्वारा किए जाते रहे हैं और विशेष अभियान के तहत राजस्व वसूली भी की गई है। जिसमें बीते दिनों संपन्न हुई नेशनल लोक अदालत में बकाया टैक्स जमा करने के लिए लोगों को नोटिस भी दिया गया था। परंतु किसी के द्वारा उस पर ध्यान नहीं देने के बाद नगर पालिका वारासिवनी के द्वारा सख्त कदम उठाते हुए टैक्स बकायादारों के नाम सार्वजनिक कर चौक चौराहा में होल्डिंग लगाई गई है। जिसमें करीब १०० लोगों के नाम दर्ज है यह होल्डिंग जय स्तंभ चौक, पंडित दीनदयाल चौक, गांधी बाल उद्यान, बड़ी नहर पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास में चस्पा की गई है।

८६ लाख का टैक्स है बकाया

नगर पालिका परिषद के द्वारा नगर वासियों को अनेक प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। जिसके एवज में उनके द्वारा विभिन्न टैक्स के नाम पर राशि वसूली जाती है। जिसमें संपत्ति कर, जल कर, नजुल कर, समेकित कर, दुकान कर व अन्य कर प्रत्यक्ष रूप से लिए जाते हैं जिसमें अप्रत्यक्ष रूप से अन्य चीज भी शामिल होती है। ऐसे में नगर के कई लोग हैं जिनके द्वारा विगत कुछ वर्षों का टैक्स जमा नहीं किया गया है। जिसके लिए प्रथम चरण में १०० लोगों के नाम सार्वजनिक किए गए हैं जिनसे करीब २५ लाख रुपये की वसूली की जानी है। इसके अलावा अन्य लोग भी है जिनसे टैक्स के माध्यम से राशि वसूली जानी है। नगर पालिका के द्वारा इस ओर क्रमबद्ध कार्यवाही की जा रही है जिसमें बताया जा रहा है कि नगर के कुछ ऐसे लोग हैं जिनके द्वारा समय रहते टैक्स जमा नहीं किया गया है। गत कुछ वर्षों से उनका टैक्स बकाया है जिसे सभी प्रकार के टैक्स मिलाकर करीब ८६ लाख रुपये की राशि वसूली की जानी है। जिसके लिए नगर पालिका के द्वारा विधिवत कार्यवाही की जा रही है।

संपत्ति ,नजूल, जल कर का भुगतान नहीं किया तो कुर्की की कार्यवाही करेंगे-दिशा डहेरिया

मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिशा डहेरिया ने पद्मेश से चर्चा में बताया कि वित्तीय वर्ष का यह अंतिम महीना है। १३ दिन शेष बचे हैं समस्त नगरवासियों से संपत्ति कर ,जल कर का भुगतान करने अपील की गई थी। उनके द्वारा वर्षों से राशि जमा नहीं की गई है उनकी सूची सार्वजनिक की गई है। इसके पहले लोगों को बिल तामिल कर लोक अदालत में नोटिस दिया गया था उसके बाद भी उनके द्वारा राशि जमा नहीं की गई। लगभग ऐसे १०० लोगों की सूची चार स्थानों पर चस्पा की गई है यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। संपत्ति कर में निवास के साथ दुकान घर कमर्शियल उपयोग नजूल सब अलग है कुछ नाम और है जिन्हें सार्वजनिक करना शेष है। यदि समय रहते लोगों के द्वारा संपत्ति नजूल जल कर का भुगतान नहीं किया जाएगा तो कुर्की की कार्यवाही करेंगे। २ महीने से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है ऐसे में आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सख्त कार्यवाही की जा रही है। किसी को भी कोई छूट नहीं दी जाएगी हमारी अपील है कि हर कोई अपना कर समय सीमा में जमा करवाये।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here