मामूली बात को लेकर उपजे विवाद में पानी निकासी की व्यवस्था बनाने गए नपा के एक सुपरवाइजर पर एक युवक ने चाकू से हमला कर उसे मामूली रूप से घायल कर दिया.मामला नगर के वार्ड नंबर 32 स्थित प्रभुत्तम नगर का है. जहां लोहे के पंजे और चाकू के हमले से मामूली रूप से घायल नपा सुपरवाइजर निर्मल डहरवाल और अन्य नपा अमले ने कोतवाली थाना पहुंचकर सुपरवाइजर पर हमला करने वाले युवक सौरभ रणजीवे के खिलाफ लिखित में शिकायत दर्ज कराकर उसे गिरफ्तार किए जाने की मांग की है. वही उन्होंने फील्ड में सुरक्षा दिए जाने और उनका संरक्षण किए जाने की मांग करते हुए हमलावर युवक की गिरफ्तारी न होने पर धरना प्रदर्शन किए जाने की चेतावनी दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के वार्ड नंबर 32 पर प्रभुत्तम नगर में पानी निकासी की व्यवस्था ना होने के चलते जलजमाव की स्थिति बन रही थी. जिसकी शिकायत मिलने पर नपा पदाधिकारियों ने अन्य संबंधित अधिकारियों को पानी निकासी की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए थे.जहां अधिकारियों के निर्देशन पर सुपरवाइजर निर्मल डहरवाल सहित अन्य कर्मचारियो क़ो जेसीबी मशीन लेकर मौके पर भेजा गया था.जहां कर्मचारी गड्ढा खोदकर पाइप डालकर पानी निकासी की व्यवस्था बना रहे थे. बताया जा रहा है कि इसी दरमियान मोहल्ले का एक युवक सौरव रणजीवे आया और उसने सुपरवाइजर डहरवाल से जेसीबी मशीन हटाने के लिए कहा. जिसपर सुपरवाइजर ने उसे 5 मिनट रुकने के लिए कहा.इतनी सी मामूली बात पर युवक आवेश में आ गया और गाली गुप्तार करते हुए, हाथापाई करने लगा. जहां युवक ने पहले तो हाथों की उंगलियों में पहनने वाला लोहे का पंजा बैग से निकाला और सुपरवाइजर पर हमला कर दिया.उसके बाद भी युवक का गुस्सा शांत नहीं हुआ जिसमें चाकू निकाल पर सुपरवाइजर पर हमला बोल दिया. बताया जा रहा है कि युवक द्वारा किए गए इस हमले में सुपरवाइजर के हाथ और माथे पर हल्की चोट आई है,जबकि हमला होते देख अन्य कर्मचारियों और वार्ड के अन्य लोगों ने नपा कर्मचारियों का बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया. गुरुवार की सुबह घटित हुई इस घटना के बाद नगर पालिका सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारियों में भारी रोष देखा जा रहा है.जिन्होंने कोतवाली थाना पहुंचकर हमलावर आरोपी के खिलाफ लिखित में शिकायत दर्ज कराकर आरोपी युवक की तुरंत गिरफ्तारी किए जाने की मांग की है. जहां उन्होंने मांग पूरी ना होने पर धरना प्रदर्शन किए जाने की चेतावनी दी है.










































