लालबर्रा (पद्मेश न्यूज)। लालबर्रा से समनापुर मार्ग स्थित ग्राम पंचायत बम्हनी के समीप नाले के पास बरसात के दिनों में अधिक बारिश होने के कारण नल-जल योजना की पाईपलाईन व कॉलम क्षतिग्रस्त हो चुकी थी जिसके कारण बम्हनी, ददिया सहित अन्य ग्रामों के ग्रामीणजनों को विगत ४ माह से नल-जल योजना पानी प्रदाय नही किया जा रहा है जिसे ग्रामीणजनों को पानी के लिए खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उक्त समस्या को गत दिवस बालाघाट एक्सप्रेस अखबार में समाचार प्रकाशित किया गया था जिसके बाद नल-जल योजना विभाग के अधिकारी हरकत में आये और क्षतिग्रस्त पाईपलाईन स्थल का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया है। ग्रामीणजनों ने मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण करवाने के साथ ही जल्द कार्य पूर्ण कर नल-जल योजना का पानी प्रदाय करने की मांग की है। विदित हो कि नल-जल योजना की पाईपलाईन जिस कॉलम से नाला पार किया था परन्तु बारिश में पानी का बहाव अधिक होने के कारण कॉलम व पाईपलाईन क्षतिग्रस्त हो चुकी थी जिसके कारण पानी प्रदाय नही किया जा रहा था परन्तु वर्तमान में नाला का पानी कम होने के बाद तीन कॉलम गड्डा खोदकर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है और उक्त कार्य १५ दिवस के अंदर पूर्ण होने के बाद बम्हनी, ददिया सहित अन्य ग्रामों के ग्रामीणजनों को नल-जल योजना का पानी प्रदाय किया जायेगा जिसके बाद उक्त ग्रामों में पानी की समस्या दूर हो जायेगी। ग्रामीणजनों ने बताया कि ४ माह पूर्व बम्हनी नाले के पास नल-जल योजना की पाईपलाईन क्षतिग्रस्त हुई थी जिसका मरम्मत कार्य करवाकर पानी प्रदाय करने की मांग लंबे समय से कर रहे थे परन्तु विभागीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि कोई ध्यान नही दे रहे थे जिसके बाद गत दिवस बालाघाट एक्सप्रेस अखबार में पानी की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था जिसके बाद पीएचई विभाग के माध्यम से अब क्षतिग्रस्त पाईपलाईन का मरम्मत कार्य करवाया जा रहा है, शासन-प्रशासन से मांग है कि जल्द निर्माण कार्य पूर्ण करवाकर पानी प्रदाय किया जाये साथ ही यह भी बताया कि पंचायतों में पानी टंकी पूर्व से है जिनके पास बोर की भी व्यवस्था है नल-जल योजना की क्षतिग्रस्त पाईपलाईन का मरम्मत कार्य पूर्ण होते तक पंचायत की पानी टंकी व बोर के माध्यम से पानी प्रदाय किया जाना चाहिए।










































