निवेशकों को नुकसान पहुंचाकर पैसा कमाना हिंडनबर्ग का काम:सीनियर एडवोकेट हरीश साल्वे ने कहा-हिंडनबर्ग रिपोर्ट की जांच जरूरी

0

सीनियर एडवोकेट हरीश साल्वे ने हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट की जांच की मांग की है। NDTV को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अडाणी ग्रुप की कंपनियों को निशाना बनाकर बाजार में अस्थिरता लाने वाली अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट की गहन जांच होनी चाहिए। साल्वे ने कहा कि हिंडनबर्ग कोई चैरिटी या मदद करने वाली संस्था नहीं है और इसका मकसद मिडिल क्लास के निवेशकों को नुकसान पहुंचाकर पैसा कमाना है।

इसे बाजार में हेरफेर के रूप में देखा जाए
उन्होंने अडाणी ग्रुप-हिंडनबर्ग मामले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित 6 सदस्यीय समिति का जिक्र करते हुए कहा कि समिति को उन सभी का पता लगाना चाहिए, जिन्होंने शेयर्स की कीमतों को कम करके खूब धन कमाया है। इसे बाजार में हेरफेर के रूप में मानें और ऐसे लोगों को व्यापार से बाहर निकालने और प्रतिबंधित करने के लिए जांच करें।

सेबी के पास जानी चाहिए रिपोर्ट
हरीश साल्वे ने आगे कहा कि हमें अपने बाजार में एक उदाहरण स्थापित करना चाहिए कि सबसे पहले अगर कोई रिपोर्ट है, तो उसे सेबी के पास या कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय के पास जाना चाहिए। वे ऐसे मामलों की जांच करेंगे और निपटेंगे। लेकिन अगर आप कंपनियों पर हमला करने के लिए इस तरह की रिपोर्ट का उपयोग करने जा रहे हैं, तो सेबी चुप नहीं बैठेगा। वे उन लोगों पर कार्रवाई करेंगे, जो पैसे की दम पर बाजार की अस्थिरता का फायदा उठा रहे हैं और मिडिल क्लास के निवेशक के निवेशकों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।”

हिंडनबर्ग ने ग्रुप पर लगाया था स्टॉक मैनिपुलेशन का आरोप
24 जनवरी को अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद से अडाणी ग्रुप के शेयरों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हिंडनबर्ग ने अडाणी ग्रुप की कंपनियों पर स्टॉक मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाया था। हालांकि, अडाणी ग्रुप ने हिंडनबर्ग के सभी आरोपों को गलत बताया है।

7 से 15 मार्च के बीच होंगे अडाणी ग्रुप के रोड-शोज
अडाणी ग्रुप के मैनेजमेंट के मेंबर्स और ग्रुप के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर जुगशिंदर सिंह भी रोड-शोज में शामिल होंगे। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, लंदन, दुबई और अमेरिका के कई शहरों में रोड शो किए जाएंगे।

शुक्रवार को अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 16.60% चढ़ा
शुक्रवार को अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में भी तेजी देखने को मिली। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर सबसे ज्यादा 16.60% चढ़ा था। वहीं अडाणी पोर्ट्स में 9.76% की तेजी देखने को मिली थी। इसके अलावा अडाणी ट्रांसमिशन, विल्मर, पावर, टोटल गैस, ग्रीन एनर्जी, अंबुजा सीमेंट, ACC और NDTV के शेयरों में करीब 5-5% की तेजी रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here