न्यूजीलैंड और भारत के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 18 नवंबर खेला जाना था। वर्षा के कारण यह मैच देर से शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही थी। लेकिन लगातार बारिश के कारण अंत में इस मैच को रद्द कर दिया गया। दोनों टीमें अब सीरीज के दूसरे मैच में 20 नवंबर को आमने-सामने होंगी, लेकिन इस मुकाबले से पहले एक शर्मनाक घटना देखने को मिली है।
दरअसल, न्यूजीलैंड के कमेंटेटर साइमन डौल ने विदेशी मेहमानों के लिए मैदान की सीटों को साफ किया। लेकिन उसके बाद उन्होंने ट्विटर पर मैदान के मैनेजमेंट को लेकर खूब खरी-खोटी सुनाई हैं। उन्होंने ट्विटर पर एक फोटो शेयर करते हुए बताया है कि उन्होंने किस तरह से सीटों को सफाई की। इस ट्वीट पर प्रशंसकों ने भी अपनी राय देते हुए न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड और मैदान के मैनेजमेंट पर नाराजगी जताई है।
कीवी टीम के कमेंटेटर ने ट्विटर पर लिखा यहां स्काई स्टेडियम में खेलने का एक और बड़ा कारण है। मैंने अभी-अभी हमारे कमेंट्री एरिया की सभी सीटों को साफ किया है। ताकि हमारे विदेशी मेहमान यहां अच्छे से बैठ सकें। क्या बेकार जगह है। यह बेहद शर्मिंदा करने वाला वाकया है।
टी20 वर्ल्ड कप के बाद कई खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड दौरे में आराम दिया गया है। जिसमें रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। ऐसे में टीम के हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पंड्या टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। यह देखना दिलचस्प होगा की हार्दिक की कप्तानी में टीम इंडिया घर के बाहर सीरीज जीतने में कामयाब हो पाती है या नहीं।










































