विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को न्यूजीलैंड दौरे के लिए टी20 टीम का उपप्तान बनाया गया है। इस दौरे पर सभी की नजरें ऋषभ के प्रदर्शन पर रहेंगी। ऋषभ को टी20 विश्वकप में केवल दो मैच ही खेलने को मिले थे पर वह उनमें भी प्रभावित नहीं कर पाये थे। ऐसे में उनके लिए यह सीरीज बेहद अहम रहेगी। ऋषभ को अगर टीम में अपनी जगह पक्की करनी है तो उन्हें इस सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करना होगा क्योंकि दो और विकेटकीपर बल्लेबाजों ईशान किशन और संजू सैमसन से उनका मुकाबला है। वहीं अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को टी20 विश्वकप में खराब प्रदर्शन के बाद बाहर कर दिया गया है।
न्यूजीलैंड दौरे पर ऋषभ , ईशान और सैमसन पर सबसे अधिक नजर रहेगी। इसलिए यहां अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी की टीम में बतौर विकेटकीपर जगह पक्की हो सकती है। ऋषभ ने अभी तक 64 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 23 की औसत से 970 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 127 का है। इसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ ने ओवरऑल टी20 के 177 मैच में 32 की औसत से 4337 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 145 का है। इसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने नाबाद 128 रन की पारी भी खेली है। इस दौरान उन्होंने 196 छक्के भी लगाए हैं। वहीं बल्लेबाज ईशान किशन की बात करें, तो वे 2021 में टी20 विश्व कप खेलने वाली टीम में शामिल थे। इस युवा ने अबतक 19 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इसमें 30 की औसत से 543 रन बनाए हैं। जिनमें 3 अर्धशतक हैं। 89 रन उनकी सबसे अच्छी पारी है।
आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी में ईशान पर सबसे अधिक बोली लगी थी। मुंबई इंडियंस के इस बल्लेबाज ने टी20 के 143 मैच में 3728 रन बनाए हैं जिसमें 3 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। इस बल्लेबाज ने नाबाद 113 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली है। उनका स्ट्राइक रेट 131 का है। वहीं राजस्थान रॉयल्स के कप्तान सैमसन सैमसन ने अब तक टीम इंडिया की ओर से 16 टी20 मैच में एक अर्धशतक सहित 296 रन बनाये हैं। उन्होंने टी20 के 226 मैच में 5612 रन बनाए हैं।










































