मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व के एक युवा बाघ का शिकारियों ने शिकार कर दिया है। शिकार करने का तरीका बेहद डरावना है। विक्रमपुर गांव के पास बाघ फांसी के फंदे पर लटका मिला है। बाघ के शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया है।
घटना उत्तर वन मंडल क्षेत्र के पन्ना रेंज के लक्ष्मीपुर से विक्रमपुर के जंगल की है। यहां पर अज्ञात शिकारियों ने शिकार करके बाघ को मार दिया है। अज्ञात शिकारियों ने बाघ को पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका दिया है। जानकारी के लगते ही वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंच चुके हैं।
शिकारियों तक पहुंचने का हो रहा प्रयास
छतरपुर सीसीएफ संजीव झा ने बताया कि मामले की जांच बारीकी से करवाई जा रही है। सतना और पन्ना की डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर आकर जांच की है। हम शिकारियों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
बाघों के साथ हुई घटनाएं
10 जून 2022 को पीटीआर के राजाबारिया के पास सड़क किनारे गुरुवार सुबह 13 वर्षीय बाघ का शव मिला था। उसी दिन पन्ना कोर परिक्षेत्र के बीट राजाबरिया में पन्ना-कटनी सड़क मार्ग के किनारे बाघ पी-111 भी मृत मिला था। 10 नवंबर 2021 को यहीं पर बाघिन पी-213 की मौत हुई थी। बाघिन पी -213 का जन्म पन्ना टाइगर रिजर्व में ही हुआ था। उसकी उम्र 3 वर्ष थी। साल 2021 में सतना जिले में एक खेत में बाघ का शिकार किया था। उसकी जांच अभी हाल ही में कंप्लीट हुई है।










































