युवा खिलाड़ी रियान पराग ने विजय हजारे ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-बी के यहां खेले गये एक मैच में असम की ओर से सिक्किम के खिलाफ शानदार शतक लगाया है। पराग को आईपीएल 2023 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने बरकरार रखा है। रॉयल्स के इस फैसले को अब पराग ने सही साबित किया है।
असम की ओर से खेल रहे रियान ने इस मैच में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 93 गेंद में 137 के स्ट्राइक रेट से 128 रन बनाये। पराग ने अपनी इस पारी में 7 छक्के और 5 चौके लगाए। वो असम की पारी के अंतिम 50वें ओवर में पेवेलियन लौट। तब तक असम के 300 रन से अधिक हो गये थे। असम ने पराग के शतक की सहायता से 8 विकेट के नुकसान पर 307 रन बनाए। उनके अलावा अमलानज्योति दास ने 62 गेंद में 47 रन बनाए।
इससे पहले रियान ने इस सत्र के अपने पहले मैच में ही राजस्थान के खिलाफ 84 गेंद में 117 रन बनाये थे। अपनी इस पारी में रियान ने 10 चौके और 6 छक्के लगाये थे। रियान की इस पारी की सहायता से असम ने राजस्थान को 272 रन का लक्ष्य दिया था। इसके जवाब में राजस्थान की टीम 33.3 ओवर में 128 रन ही बना सकी थी और असम ने यह मैच 143 रन से जीता था। इस मैच में रियान ने 5 ओवर में 27 रन दिए थे। पराग ने अब तक विजय हजारे ट्रॉफी के 4 मैच में 72 की औसत से 291 रन बनाए हैं। इस साल सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में असम की तरफ से सबसे अधिक 253 रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।