सिलीगुड़ी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार दोपहर एक बजे पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक विशाल ‘विजय संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए टीएमसी सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री ने लगातार दूसरे दिन पश्चिम बंगाल में चुनावी अभियान को आगे बढ़ाया। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल की जनता को पहले धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मैं कभी भी देशवासियों और बंगालवासियों के इस प्यार को भूल नहीं सकता। शनिवार को रोड शो में बहुत बड़ी संख्या में बुजुर्ग समर्थक आशीर्वाद दे रहे थे। ऐसा सौभाग्य शायद ही किसी को मिलता है। मैं इसके लिए इस क्षेत्र के सभी नागरिकों को प्रणाम करता हूं, उनका धन्यवाद करता हूं। आपका ये स्नेह, ये आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ऊर्जा और सबसे बड़ी प्रेरणा है। जब 140 करोड़ देशवासी, बंगाल का हर एक नागरिक मुझे इतना प्यार दे रहा है, इतना आशीर्वाद दे रहा है, तो मैं भी आपसे वादा करता हूं कि मैं भी आपके लिए अपने आप को हर पल खपा दूंगा। जियूंगा, तो आपके लिए जियूंगा, जूझता रहूंगा, तो आपके लिए जूझता रहूंगा।










































