बालाघाट-सिवनी हाईवे मार्ग के ग्राम मानपुर-बकोड़ा के बीच स्थित पांगा तालाब की पार ८-९ माह पूर्व बरसात के दिनों में तेज बारिश होने से क्षतिग्रस्त हो चुकी है जिससे ग्राम बकोड़ा, बेलगांव, खारी किसानों के सैकड़ों हेक्टेयर भूमि में लगी खरीफ की धान की फसल पुरी तरह से खराब हो गई थी और किसानों का लाखों रूपये का नुकसान हुआ था एवं २ माह बाद पुन: बरसात का मौसम आने वाला है तब किसानों के द्वारा पुन: अपने-अपने खेतों में खरीफ धान की फसल लगाई जायेगी परन्तु वर्तमान समय तक जल संसाधन विभाग क्षतिग्रस्त तालाब की पार के मरम्मत कार्य को लेकर गंभीर नजर नही आ रहा है। जबकि तालाब के पार को क्षतिग्रस्त हुए ८-९ माह बित चुका है। उस समय विभाग के द्वारा खानापूर्ति कर बोरी बंधान कर कच्चा कार्य किया गया था जो कुछ ही दिनों में जस की तस हो गई, जल्द क्षतिग्रस्त पार का पक्का मरम्मत कार्य नही करवाया गया तो पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी सैकड़ों एकड़ मेें लगने वाली धान की फसल बर्बाद हो सकती है। किसानों ने पांगा तालाब की क्षतिग्रस्त पार का मरम्मत कार्य जल्द करवाने की मांग शासन-प्रशासन से की है।
आपकों बता दे कि बालाघाट हाईवे मार्ग के मानपुर-बकोड़ा के बीच स्थित पांगा तालाब का निर्माण वर्षो पूर्व किया गया है और उक्त तालाब में बरसात का पानी ग्राम बोरी, मोहगांव, मानपुर के आसपास के ग्रामों का आता है साथ ही मछवारों के द्वारा मछली पालन भी किया जाता है। पिछले वर्ष तेज बारिश होने के कारण पांगा तालाब में अत्यधिक पानी जमा हो जाने के कारण पांगा ताला की पार तीन स्थानों से क्षतिग्रस्त हो गई थी जिसके बाद तालाब का अत्यधिक पानी व मछली हाईवे रोड़ के ऊपर से बहते हुए किसानों के खेतों में जमा हो गया था जिससे पूरी फसल पानी में डूबे रहने से खराब हो गई थी एवं किसानों को काफी नुकसान भी हुआ था। साथ ही हाईवे मार्ग से पानी बहने के कारण आवागमन करने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। पांगा तालाब का पार फुटे हुए करीब ८-९ माह बित चुका है और २ माह बाद पुन: बरसात प्रारंभ होने वाली है परन्तु वर्तमान समय तक क्षतिग्रस्त पार का मरम्मत कार्य विभाग के द्वारा नही करवाया जा रहा है जिससे क्षेत्रीय किसानों में शासन-प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ते जा रहा है।
दूरभाष पर जल संसाधन विभाग के एसडीओ स्लेशा डोंगरे से पांगा तालाब के क्षतिग्रस्त पार के मरम्मत कार्य के संबंध में चर्चा करने का प्रयास किया गया परन्तु संपर्क नही हो पाया।










































