पाकिस्तान के बलूचिस्तान में धमाका हुआ है। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई है। 10 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में ज्यादातर की हालत गंभीर बताई जा रही है। पाकिस्तानी मीडिया ‘डॉन’ के मुताबिक, धमाका भरखान शहर के रखनी मार्केट में हुआ है।
इस बाजार में काफी भीड़ रहती है और यहां पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं। यहां बेतरतीब ट्रैफिक के बीच एक बाइक खड़ी थी। इसमें ही इम्प्रोवाइस्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस यानी IED लगाया गया था। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। धमाके के कुछ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में तबाही और लोगों को जान बचाकर भागते हुए देखा जा सकता है।
बढ़ सकती है मरने वालों की तादाद
बरखान के डिप्टी कमिशनर अब्दुल्ला खोसो ने बताया मार्केट में अमूमन लोग कहीं भी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। जहां से लोगों के गुजरने का मुख्य रास्ता है, उसी रास्ते में एक बाइक खड़ी की गई थी। इसमें IED प्लांट किया गया था। इसमें ही धमाका हुआ।
वहीं, बरखान स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) सज्जाद अफजल ने कहा- घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। ज्यादातर घायलों की हालत गंभीर है, जिसके चलते मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम जांच कर रही है।