पाकिस्तान से एक रोचक खबर सामने आई है। मुल्क के पूर्व प्रधानमंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो की पोती फातिमा भुट्टो ने निकाह के बाद शिव मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की। ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गईं। हालांकि फातिमा का ऐसा करना कट्टरपंथियों को नागवार गुज़र रहा है तो कुछ यूजर इस कदम की प्रशंसा करते नजर आ रहे थे। पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की भतीजी और मुर्तजा भुट्टो की बेटी फातिमा का निकाह समारोह शुक्रवार को उनके दादा के पुस्तकालय में हुआ। फातिमा और उनके पति ग्राहम जिब्रान रविवार को कराची में प्राचीन महादेव मंदिर पहुंचे। ग्राहम जिब्रान अमेरिकी नागरिक हैं।
सोशल मीडिया पर मिली जुली प्रतिक्रिया
फातिमा के साथ उनके भाई और हिदू नेता भी मौजूद थे। शिव मंदिर में फातिमा और उनके पति ने भगवान भोलेनाथ पर दूध चढ़ाया। उनकी यह तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गई, जिस पर यूजर्स ने टिप्पणियां भी कीं। Twiiter अकाउंट सिधी-अजरक ने तस्वीर पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस तरह की तस्वीर देखकर खुशी हुई। वहीं, कुलसुम मुगल नाम के एक Twiiter यूजर ने पूछा, इस रस्म का क्या मतलब है।