रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज यूक्रेन में लड़ रहे रूसी सैनिकों के मुख्यालय का दौरा किया। क्रेमलिन ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें पुतिन दक्षिणी खेरसॉन क्षेत्र में रूसी सेना के कमान केंद्र का दौरा कर रहे हैं। इस वीडियो में पुतिन शीर्ष सैन्य अधिकारियों से रिपोर्ट लेते हुए नजर आ रहे है।
लुहांस्क क्षेत्र का लिया जायजा
इसके बाद पुतिन हेलीकॉप्टर से लुहांस्क क्षेत्र में रूसी नेशनल गार्ड के मुख्यालय गए और वहां कि स्थिति का जायजा लिया। बता दें कि रूस ने सितंबर में डोनेट्स्क और जापोरिज्जिया क्षेत्रों के साथ खेरसॉन और लुहांस्क क्षेत्रों पर कब्जा कर लिया था। रूस के इस कदम की दुनिया के अधिकांश लोगों ने आलोचना की थी।
पुतिन का कब्जे वाले क्षेत्र में दूसरा दौरा
उल्लेखनीय है कि इससे पहले पुतिन ने 19 मार्च को कब्जे वाले मारियुपोल का दौरा किया था। बता दें कि मारियुपोल पर भी रूस का मई 2022 से मॉस्को की सेना का कब्जा है। पुतिन ने हेलीकॉप्टर से मारियुपोल के लिए उड़ान भरी थी फिर कार से शहर के कई जिलों में घूमे और स्थिति का जायजा लिया था।