सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि यह परेशान करने वाला ट्रेंड देखने को मिल रहा है कि पुलिस ऑफिसर रूलिंग पार्टी का पक्ष ले रहे हैं। मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना की अगुवाई वाली बेंच ने कहा कि ऐसे ऑफिसर्स जो सत्ताधारी दल की गुड बुक्स में शामिल होना चाहते हैं, वो अपनी पॉवर का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और राजनीतिक विरोधियों को परेशान किया जा रहा है। वहीं, बाद में जब विरोधी सत्ता में आते हैं तो पुलिस अफसरों पर कार्यवाही की जाती है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
नारायण राणे की तबीयत बिगड़ी, मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की तबीयत खराब हो गई है। उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर बयानबाजी के मामले को लेकर राणे कुछ दिनों से सुर्खियों में हैं। बुधवार को कोर्ट ने कहा कि उनके खिलाफ नासिक में दर्ज FIR पर 17 सितंबर तक कार्रवाई न की जाए। इसके साथ ही पुणे में दर्ज केस की सुनवाई भी टाल दी गई।
बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में CBI ने 9 केस दर्ज किए
पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में CBI ने 9 केस दर्ज किए हैं। साथ ही एजेंसी की चारों यूनिट्स की टीमों ने कोलकाता के पास घटनास्थलों पर दौरा किया और पीड़ितों से बातचीत भी की। 2 मई को राज्य में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले सामने आए थे। NHRC की कमेटी की 13 जुलाई को आई रिपोर्ट के बाद कलकत्ता उच्च न्यायालय की पांच न्यायाधीशों की बेंच ने मामले में CBI जांच का आदेश दिया था।
कानपुर में जर्जर मकान की छत गिरी, 3 की मौत

कानपुर में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। यहां बेकनगंज थाना क्षेत्र के रिजवी रोड पर एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मलबे में दबकर तीन लोगों की मौत हो गई। जान गंवाने वालों में 35 साल की रुखसाना और उनकी 7 साल की बेटी शिफा और 4 साल का बेटा नोमान शामिल है। मकान 70 साल पुराना बताया जा रहा है। इसमें 11 परिवार के 41 लोग रहते थे।
राजस्थान के जोधपुर में महसूस हुआ 4.0 तीव्रता का भूकंप
राजस्थान के जोधपुर में गुरुवार को भूकंप का झटका महसूस किया गया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.0 रही। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, आज सुबह 11:15 बजे भूकंप के झटके से धरती कांपी। अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं मिली है।
देश में 26% लोग कोविड के दौरान नए घर में शिफ्ट
कोरोना की वजह से घर को लेकर बदली जरूरतों और नजरिए के चलते 26% लोग महामारी के दौरान ही नया घर खरीदकर शिफ्ट हो गए। वहीं, 32% लोग अगले एक साल में नया घर खरीदने की योजना बना रहे हैं। 61% लोगों का मानना है कि अगले 12 महीनों में मकान की कीमतें बढ़ जाएंगी। प्रॉपर्टी कंसल्टेंट नाइट फ्रैंक ग्लोबल एंड इंडिया बायर सर्वे से यह जानकारी सामने आई है।










































