पूरे गांव की बिजली काट दिए जाने से हड़कंप,ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर टायर जलाकर किया चक्काजाम !

0

नगर मुख्यालय से 13 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम आमगांव में विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल नहीं पटाये जाने के कारण पूरे गांव की बिजली बंद कर दिए जाने का मामला सामने आया है। पूरे गांव की बिजली काट दिये जाने से गांव के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया और ग्रामीण जनता द्वारा सड़क पर उतरकर आक्रोश जताते हुए टायर जलाकर स्टेट हाईवे सड़क पर चक्काजाम कर दिया गया। यह आंदोलन करीब 2 घंटे तक चला जिसके कारण बालाघाट से नैनपुर मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों द्वारा आंदोलन कर दिए जाने से विद्युत विभाग भी हरकत में आ गया और उनके द्वारा तत्काल ही ग्रामीणों के आक्रोश को शांत करने ग्राम पंचायत आमगांव की बिजली चालू करने की कवायद प्रारंभ की गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद चक्काजाम आंदोलन को शांत करवाया गया लेकिन विद्युत सप्लाई प्रारंभ नहीं होने से ग्रामीणों का हुजूम देेर रात्रि तक सड़क पर रहा।

बताया जा रहा है कि सिर्फ आमगांव की ही बात करें तो आमगांव में 176 विद्युत उपभोक्ता है जिनमें से सिर्फ 26 उपभोक्ताओं द्वारा ही बिजली बिल पटाया गया है तथा 150 विद्युत उपभोक्ताओं ने बिजली बिल नहीं पटाया। ग्राम पंचायत आमगांव के अन्य टोले भी है जिनके भी बहुतायत उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल नहीं पटाया गया। एक ही ग्राम पंचायत के बहुतायत विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल नहीं पटाये जाने को लेकर विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पूरे गांव की बिजली शुक्रवार को काट दी गई। बिजली काट दिए जाने से पूरे गांव भर में अंधेरा व्याप्त हो गया, इससे लोगों में इतना आक्रोश उपजा की उन्हें सड़क पर उतरकर आंदोलन करना पड़ा।

बिजली काट दिए जाने से आक्रोशित ग्राम पंचायत आमगांव के युवाओं ने कहा कि अभी कक्षा 10वीं 12वीं की परीक्षा प्रारंभ है ऐसे समय में विद्युत विभाग द्वारा पूरे गांव की बिजली बिना सूचना दिए काट दी गई। जिनके द्वारा बिजली बिल नहीं पटाया गया है उनके घरों की बिजली काटना था लेकिन विद्युत विभाग द्वारा पंचायत के सभी विद्युत उपभोक्ताओं की बिजली काट दी गई, जिससे ग्राम के सभी लोग भारी परेशान हैं। यही कारण है कि उनके द्वारा चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है, ग्रामीणों की यही मांग है कि शासन प्रशासन के अधिकारी मौके पर आए और उनकी समस्या को समझे और समस्या का समाधान करें।

वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों द्वारा बिजली काट दिए जाने के विरोध में चक्काजाम आंदोलन कर दिए जाने की जानकारी लगते ही विद्युत विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए और उनके द्वारा ग्राम पंचायत आमगांव में विद्युत सप्लाई प्रारंभ करने तत्काल ही अमले को भेज दिया गया।

इसके संबंध में मोबाइल पर चर्चा करने पर विद्युत विभाग के सहायक यंत्री बी के उमरे ने बताया कि बिजली बिल नहीं पटाये जाने के कारण ग्राम आमगांव की लाइट काट दी गई थी, लोगों ने आक्रोश जताते हुए आंदोलन किया है। यह जानकारी लगते ही लाइनमैन को बिजली चालू करवाने के लिए भिजवा दिया गया है जल्द ग्राम पंचायत आमगांव में बिजली सप्लाई प्रारंभ हो जाएगी। श्री उमरे ने बताया कि ग्राम पंचायत आमगांव अंतर्गत 318 उपभोक्ता है जिनमें से 254 उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल नहीं पटाया गया, जिन पर करीब 7 लाख रुपये बकाया है। ग्राम के 90 फीसदी उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल नहीं पटाया गया, जिसके चलते वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश का पालन करते हुए गांव की बिजली काटी गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here