प्रदेश में दूसरे चरण के चुनाव परिणाम आने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि नगरीय निकाय और पंचायत के चुनाव परिणामों ने बता दिया है कि जनता भाजपा के पक्ष में नहीं है। प्रदेशवासियों ने जनादेश कांग्रेस के पक्ष में दिया है। पैसा, पुलिस और प्रशासन की बदौलत भाजपा ने जीत प्राप्त की है। मुझे कोई शक नहीं है कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जनता के साथ बेहतर प्रदर्शन करेगी। इसकी शुरुआत गांवों और शहरों में बदलाव से हो गई है। उन्होंने कांग्रेस को मतदाताओं द्वारा दिए समर्थन पर आभार जताया। कमलनाथ ने यह बात दूसरे चरण के नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद कही। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जीत के जश्न के बाद उन्होंने पत्रकारवार्ता में कहा कि 1999 से देखें तो कांग्रेस के कभी इतने महापौर नहीं चुने गए। पिछले चुनाव में सभी 16 नगर निगमों में भाजपा के महापौर थे। इस बार पांच स्थानों पर कांग्रेस, एक पर आम आदमी पार्टी और एक स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। दो सीटें भाजपा ने बहुत कम अंतर से पुलिस, प्रशासन और पैसे के दम पर जीती हैं। भाजपा को जनता ने नकार दिया है। कमल नाथ ने भाजपा द्वारा नगर पालिका और नगर परिषद में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन पर कहा कि बड़ी संख्या में हमारे पार्षद चुनाव जीते हैं। कई वार्ड में सत्ता का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को निकलने ही नहीं दिया। जनपद और जिला पंचायत के सदस्यों पर भी दबाव बनाया जा रहा है लेकिन जनता सब जानती है। तीन विधायकों के चुनाव हारने पर उन्होंने कहा कि हर जगह की परिस्थिति अलग है। उज्जैन में महेश परमार को किस तरह हराया गया, यह सबने देखा है।









































