पिछले कुछ समय से खराब प्रदर्शन के कारण टीम इंडिया के अंतिम ग्यारह में जगह नहीं बना पा रहे युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत आजकल अपने प्रशंसकों से भी सलाह ले रहे हैं। टी20 विश्व कप में अभी तक हुए दोनो ही मैच में उन्हें अंतिम ग्यारह में जगह नहीं मिली है। उनकी जगह अनुभवी दिनेश कार्तिक टीम में शामिल किये गये हैं। वहीं ऋषभ को एक प्रशंसक ने पारी शुरु करने को कहा है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर आया है।
वहीं पिछले दो मैचों को देखा जाए तो टीम के सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल विफल रहे हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि राहुल की जगह ऋषभ को अवसर मिल सकता है। दोनो ही मैच जीतने के कारण भारतीय टीक के सेमीफाइनल की राह आसान हो गयी है। ऐसे में टीम सलामी बल्लेबाज के रुप में ऋषभ को भी उतार सकती है। पर्थ में ऋषभ पंत ने अभ्यास के दौरान प्रशंसक के साथ सेल्फी ली और ऑटोग्राफ भी दिया। इस दौरान प्रशंसक ने उन्हें पारी शुरु करने को कहा। इस प्रशंसक ने ऋषभ से कहा, ‘भाई ओपनिंग कर टीम की किस्मत बदल जाएगी।’










































