शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। एक के बाद एक सामने आ रही चोरी की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही हैं। ताजा मामला गोंदिया रोड स्थित वार्ड क्रमांक-18 के लोहिया चौक का है, जहां करीब चार महीने से बंद पड़े एक मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया।
मिली जानकारी के अनुसार, उक्त मकान में रहने वाले गौरव कसार अपनी मां के साथ अमेरिका चले गए थे, जबकि उनकी बहन गरिमा कसार भोपाल में निवासरत हैं। लंबे समय तक घर सूना रहने की जानकारी लगते ही अज्ञात बदमाशों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर में धावा बोल दिया और अंदर रखी अलमारियों को निशाना बनाया। बताया गया कि बुधवार को जब गरिमा भोपाल से बालाघाट अपने घर पहुंचीं, तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। मकान के अंदर तीन बड़ी अलमारियां जमीन पर गिरी पड़ी थीं, उनके ताले टूटे हुए थे और भीतर रखा सामान तथा कपड़े अस्त-व्यस्त हालत में बिखरे हुए थे। घटना के बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और गुरुवार को कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। गरिमा कसार ने पुलिस को बताया कि वह भोपाल स्थित एक निजी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी में एचआर पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके भाई गौरव कसार अमेरिका में नौकरी करते हैं। उनके पिता स्वर्गीय भगवत प्रसाद कसार का 14 नवंबर 2025 को बरसी कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें शामिल होने के बाद 27 नवंबर 2025 को घर में ताला लगाकर दोनों अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए थे। गरिमा के अनुसार, चोरों ने घर में रखी अलमारियों को तोड़कर अंदर का सामान खंगाला, जिससे लगभग 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, घर से कोई बड़ा कीमती सामान चोरी होने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोर किसी विशेष वस्तु की तलाश में थे या केवल सूना मकान देखकर अंदर घुसे। कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 305(ए), 62 एवं 324(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
सूने मकान बन रहे आसान निशाना
शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से यह स्पष्ट हो रहा है कि लंबे समय से बंद पड़े मकान चोरों के आसान निशाने बन रहे हैं। ऐसे में पुलिस द्वारा नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।








































