बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार का आज (9 सितंबर) जन्मदिन है लेकिन एक दिन पहले ही उनकी मां का निधन हुआ है। अपने बर्थडे पर वह सबसे पहले मां का आशीर्वाद लेते थे लेकिन अब मां साथ नहीं है। अक्षय असहनीय दर्द में हैं और वह बुरी तरह टूट गए हैं।
अक्षय कुमार ने मां के निधन की खबर सोशल मीडिया के माध्यम से दी थी और अब अपने जन्मदिन पर उनके साथ तस्वीर शेयर की है जिसमें मां उन्हें चूम रही हैं। तस्वीर के साथ अक्षय कुमार ने बेहद भावुक पोस्ट लिखा है। उन्होंने लिखा- कभी नहीं चाहा कि ऐसा होगा लेकिन मुझे मालूम है वो मेरे लिए हैप्पी बर्थडे गा रही होगी।
अक्षय कुमार ने यह पोस्ट कितने दर्द में लिखा है, उसे उनके फैंस महसूस कर पा रहे हैं। चंद मिनट में अक्षय कुमार के पोस्ट पर उनकी हिम्मत बांधने वाले हजारों कमेंट आ गए हैं। अक्षय ने इस दुख के समय साथ देने के लिए फैंस को धन्यवाद भी दिया है।
बता दें कि अक्षय कुमार लंदन में अपनी अपकमिंग फिल्म सिंड्रैला की शूटिंग कर रहे थे। जब उन्हें मां की तबीयत बिगड़ने की खबर मिली तो वे लंदन से तुरंत वापस भारत आ गए थे। उनकी मां आईसीयू में थीं और अक्षय कुमार ने फैंस से मां के लिए दुआ करने के लिए कहा था। अक्षय कुमार अपनी मां के बहुत करीब थे। हर खास मौके पर वह मां के साथ नजर आते थे, हर त्यौहार पर मां के साथ रहते थे। मां के साथ उनकी तस्वीरें अक्सर सामने आती रहती थीं।