बांग्लादेश में 1 जुलाई से सख्त लॉकडाउन, पहला मास्क फ्री यूरोपीयाई देश बना इटली

0

दुनियाभर में कोरोना का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को दुनिया में 3 लाख 9 हजार 179 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 2 लाख 98 हजार 895 लोगों ने कोरोना को मात दी। हालांकि, बीते दिन 5,960 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत भी हुई।

इस बीच बांग्लादेश में 1 जुलाई से सख्त लॉकडाउन लगाने की घोषणा की गई है। हालांकि, सोमवार से ही बांग्लादेश में सख्ती बढ़ानी शुरू कर दी गई है। इसके बाद राजधानी ढाका से हजारों मजदूरों का पलायन शुरू हो गया है। बांग्लादेश में रविवार को 5,268 नए केस आए। 3,249 लोग रिकवर हुए। 119 की मौत हुई। इसके बाद यहां कुल मामले 888,406 हो गए हैं। इसमें से 804,103 लोग रिकवर हुए हैं और 14,172 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां 70 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं।

इटली के 20 राज्यों में मास्क जरूरी नहीं
इटली में सोमवार से घर से निकलने पर मास्क की जरूरत को खत्म कर दिया गया है। सरकार के इस निर्णय के बाद इटली यूरोप का पहला मास्क फ्री देश बन गया है। फरवरी 2020 में जब दुनिया में कोरोना ज्यादा नहीं फैला था इटली बढ़ते कोरोना केस के कारण सबसे बुरे दौर से गुजर रहा था। इटली के स्वास्थ्य मंत्रालय ने वहां 20 राज्यों को लो कोरोना रिस्क की श्रेणी में डाल दिया है। यानी यहां कोरोना केस बेहद कम हैं।

ब्रिटेन में बढ़ने लगे कोरोना केस
ब्रिटेन में कोरोना की तीसरी लहर तेज होती जा रही है। यहां रविवार को 14,876 संक्रमितों की पहचान हुई। इस दौरान 2,389 लोग ठीक हुए और 11 लोगों की जान गई। इससे पहले यहां शनिवार को 18,185 नए संक्रमितों की पहचान हुई थी। ये आंकड़ा पिछले 140 दिनों में सबसे ज्यादा था। इससे पहले 6 फरवरी को 18,153 मामले सामने आए थे।

स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग
ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक को कोरोना महामारी के बीच अपनी सहयोगी जीना कोलाडंगेलो को किस करना महंगा पड़ता नजर आ रहा है। सोशल डिस्टेंसिंग तोड़ने का आरोप लगने के बाद माफी मांगते हुए उन्होंने रविवार को इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद भी उनकी मुसीबतें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। अब ब्रिटेन के लोग उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। रविवार को ब्रिटेन में 30 हजार लोगों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि हैनकॉक ने देश को धोखा दिया है। इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया जाए। पुलिस अब तक 10 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार भी कर चुकी है।

ब्राजील में कोरोना अब तक 1.84 करोड़ से ज्यादा केस
ब्राजील में कोरोना केस तेजी से बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। रविवार को यहां 33,704 केस सामने आए, जिसके बाद कोरोना के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1 करोड़ 84 लाख 20 हजार से ज्यादा हो गई। इस दौरान 739 लोगों की मौत हुई। ब्राजील में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 5 लाख 13 हजार से ज्यादा हो गया है। यहां 1 करोड़ 60 लाख से ज्यादा लोग अब तक रिकवर हो चुके हैं। इससे पहले शनिवार को रिकॉर्ड 64 हजार 134 केस सामने आए थे और 1,593 लोगों की मौत हुई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here