पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम , महिला क्रिकेट टीम की कप्तान बिस्माह माहरुफ के अलावा राष्ट्रमण्डल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी अरशद नदीम को अब सम्मानित किया जाएगा। आजम को देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सितारा-ए-इम्तियाज सम्मान दिये जाने की घोषणा की गयी। वहीं पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान बिस्माह माहरुफ को तमगा-ए-इम्तियाज दिया गया। यह सभी इनाम 23 मार्च, 2023 को दिए जाएंगे। सितारा-ए-इम्तियाज पाकिस्तान का तीसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है। यह उन लोगों को दिया जाता है, जो देश की सुरक्षा, विश्व शांति, देश की संस्कृति के प्रचार-प्रसार के अलावा सार्वजनिक जीवन में बेहतरी के लिए काम करते हैं।
एक रिपोर्ट के अनुसार आजम ही एकमात्र खिलाड़ी नहीं हैं, जिन्हें पाकिस्तान का नागरिक सम्मान दिया जाएगा। उनके अलावा भाला फेंक खिलाड़ी अरशद और वेटलिफ्टर नूह बट को भी सम्मानित किया जाएगा। इन दोनों खिलाड़ियों को प्राइड ऑफ परफॉर्मेंस पुरस्कार दिया जाएगा। नदीम ने बर्मिंघम में हुए राष्ट्रमण्डल खेलों की भाला फेंक स्पर्धा में 90 मीटर से अधिक दूर तक भाला फेंकते हुए स्वर्ण पदक जीता था। वहीं अरशद इससे पहले विश्व कप और ओलंपिक में विफल रहे थे। इसी तरह नूह बट ने भी राष्ट्रमण्डल खेलों की वेटलिफ्टिंग के 109 किलो से अधिक वर्ग में रिकॉर्ड 405 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता था।










































