पदमेश न्यूज़ द्वारा एक दिन पूर्व चलाई गई खबर का संज्ञान लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने नींद से बेदार होकर नगर के वार्ड नंबर 10 ग्राउंड में बनाए गए अस्थाई डंपिंग यार्ड को वहां से हटा दिया है। कार्यवाही पर वार्डवासियों ने अपनी खुशी का इजहार किया है।
आपको बताएं कि पिछले दो-तीन माह से नगरपालिका प्रशासन द्वारा वार्ड का कचरा जमा कर नगर के वार्ड नंबर 10 ग्राउंड में फेंका जा रहा था जिसके चलते वार्डवासी काफी परेशान थे।जहां वार्डवासियों द्वारा लगातार नपा प्रशासन से वार्ड में बनाए गए अस्थाई डंपिंग यार्ड को हटाने की मांग की जा रही थी लेकिन नपा प्रशासन वार्डवासियों की कोई सुनवाई नहीं कर रही थी।
जिससे वार्डवासी गंदगी और दुर्गंध से परेशान थे। वहीं उन्हें डेंगू सहित अन्य बीमारियों का डर सता रहा था। कई बार आवेदन निवेदन करने के बाद भी कहीं कोई सुनवाई ना होने पर वार्ड वासियों ने पदमेश न्यूज़ को उनकी समस्या से अवगत कराकर वार्ड में बनाए गए अस्थाई डंपिंग यार्ड से छुटकारा दिलाने की गुहार लगाई थी।। जिसपर पदमेश न्यूज़ ने वार्ड में बनाए गए अस्थाई डंपिंग यार्ड को तुरंत हटाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था जहां खबर का संज्ञान लेते हुए प्रशासन तुरंत हरकत में आया जिन्होंने खबर दिखाने के दूसरे दिन वार्ड से अस्थाई डंपिंग यार्ड हटाकर वार्ड वासियों को उनकी समस्या से छुटकारा दिलाया है।