राजधानी के गोविंदपुरा बिजली सब स्टेशन में कल सुबह अचानक जोरदार धमाका हुआ और एक बिजली उपकरण फट गया। इस हादसे में एक कनिष्ठ यंत्री (जेई) झुलस गया है।मौके पर मौजूद कुछ बिजली कर्मचारियों को भी मामूली चोटें आई है। किसी तरह की जन हानि नहीं हुई है।दरअसल, गोविंदपुरा में मध्य क्षेत्र बिजली कंपनी का मुख्यालय है। इसी परिसर में मीटरिंग सब स्टेशन भी है। जिसमें उपयोग की जाने वाली बिजली की थोकबंद गणना होती है। इसके काम के लिए सब स्टेशन में एक गणना उपकरण लगाया जाता है, जो कि ट्रांसफार्मर की तरह ही होता है। इसी उपकरण में सुबह करीब 6.30 बजे अचानक धमाका हुआ। इस समय सब स्टेशन में कंपनी का एक दल सुधार कार्य कर रहा था, जो इस उपकरण से चंद दूरी पर था। सब स्टेशन में उक्त उपकरण के बिल्कुल नजदीक में जेई महेंद्र सिंह खड़े थे, जिनके ऊपर आयल गिरने से वह बुरी तरह झुलस गया है। उन्हेंं साथी बिजली कर्मचारियों ने नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया है। महेंद्र सिंह का चेहरा, सीना, पीठ, दोनों हाथ व पैर के कुछ हिस्से झुलस गए हैं। बिजली कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक महेंद्र सिंह को प्लास्टिक सर्जरी कराने की सलाह दी गई है। क्षेत्र के डीई अंकित पालीवाल ने बताया कि उक्त सब स्टेशन से क्षेत्रों में आपूर्ति नहीं देते हैं, बल्कि परिसर के उपयोग के लिए ही बिजली उपयोग की जाती है। घटना के बाद कुछ समय के लिए सब स्टेशन को पूरी तरह बंद कर दिया था। तकनीकी टीम की जांच के बाद कुछ ही समय में आपूर्ति बहाल कर दी थी। प्रभावित जेई व अन्य कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर भी कंपनी का ध्यान है। सब स्टेशन में हुए धमाके की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। दोपहर बाद उक्त वीडियो इंटरनेट मीडिया पर आ गया है। जिसमें धमाके की भयावहता रोंगटे खड़े करने वाली है। इस घटना से आसपास के लोग दहशत में आ गए थे क्योंकि धमाके की आवाज दूर-दूर तक पहुंच गई थी। लोग आशंका में पढ़ गए थे कि कई कोई बड़ी अनहोनी हुई है।