बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी आज राहुल गांधी से दिल्ली में कर सकते हैं मुलाकात

0

बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद उप मुख्यमंत्री बने तेजस्वी यादव आज राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार मुलाकात इस लिहाज से महत्वपूर्ण है कि बिहार में सत्ता परिवर्तन हो चुका है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन का हिस्सा हैं। महागठबंधन के घटक दलों में कांग्रेस भी शामिल है। बिहार मंत्रिमंडल में कांग्रेस के विधायकों को भी स्थान दिया जाएगा। बिहार में जल्दी ही मंत्रिमंडल का गठन किया जाने वाला है। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में कांग्रेस के विधायकों को शामिल करने के मुद्दे पर बैठक में चर्चा हो सकती है।
बिहार में अभी केवल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शपथ ली है। नीतीश कुमार को 24 अगस्त को फ्लोर टेस्ट देना है। मंत्रिमंडल का विस्तार सदन में बहुमत के साबित होने के बाद ही होने की संभावना है। महागठबंधन के सभी घटक दलों के बीच मंत्री बनने के लिए जोड़तोड़ शुरू हो गई है। मंत्री बनने के इच्छुक विधायक अपना दावा मजबूत करने के लिए तरह-तरह के उपाय करने में जुटे हैं। कांग्रेस के विधायकों में मंत्री पद पाने की रेस तेज हो गई है।
ऐसे ही एक विधायक छत्रपति यादव ने पार्टी आलाकमान को पत्र लिखकर कहा है कि वे पार्टी में यादव समुदाय के एकमात्र विधायक हैं इसलिए उनको मंत्री बनाया जाना चाहिए। खगड़िया से कांग्रेस के विधायक छत्रपति यादव सोनिया गांधी को पत्र लिखकर मंत्री बनाए जाने की गुहार लगाई है। जबकि कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्तचरण दास ने भी गुरुवार को उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मुलाकात की। समझा जा रहा है कि उनकी मुलाकात में भी कांग्रेस के मंत्रियों की संख्या और नामों को लेकर जरूर चर्चा हुई होगी। भक्तचरण दास की इस मुलाकात के बाद ही अब तेजस्वी यादव की राहुल गांधी से मुलाकात होने वाली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here