बीती रात सांई चादर अर्पण शोभा यात्रा के दौरान दो पक्षों में हुई थी झड़प, कोतवाली थाने में काउंटर केस दर्ज

0

बीती रात यातायात थाने के सामने दो पक्षों के बीच हुआ खूनी संघर्ष मामूली बात पर हुआ था। गोंदिया रोड स्थित निजी होटल से निकली सांई चादर अर्पण शोभा यात्रा के दौरान डीजे की धुन पर नाचते वक्त धक्का लगने से दो पक्ष आपस में भिड़ गए। पहली बार विवाद महाराणा प्रताप चौक और दूसरा विवाद पुराने राम मंदिर के पास हुआ, लेकिन तीसरी बार ये विवाद धारदार हथियार से हमले में बदल गया। कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

पुलिस जानकारी के अनुसार, कोसमी पीपल चौक में रहने वाले किरण गजभिए, आदर्श सेन अपने दोस्तों के साथ शोभा यात्रा में शामिल हुआ, जिनका दीनदयालपुरम में किराए के मकान में रहने वाले अंकुश मर्सकोले और उसके भाई स्वप्निल मर्सकोले के साथ यात्रा में नाचते वक्त धक्का लगने से विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकू और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। बताया गया कि अंकुश मर्सकोले ने किरण गजभिए पर चाकू से हमला किया, जिसके जवाब में किरण ने अंकुश पर पाइप से वार कर घायल कर दिया। किरण गजभिए के सिर में दो टांके आए हैं जबकि अंकुश के सिर पर पांच टांके आए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, घायल युवक पढऩे-लिखने वाले हैं।

वहीं, मांगी गई समयावधि खत्म होने के बाद भी शोभा यात्रा के आयोजन को लेकर पुलिस ने आयोजक के खिलाफ अलग से कार्रवाई की जा रही है। आयोजक के खिलाफ भी कोतवाली पुलिस ने नोटिस जारी किया है, जिसे तलब कर जवाब लिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, सांई चादर अर्पण यात्रा के लिए आयोजनकर्ता को पुलिस ने शाम 4 से रात 8 बजे तक की इजाजत दी थी, लेकिन यात्रा साढ़ नौ बजे कालीपुतली से अंबेडकर चौक तक पहुंची थी। यानी परमिशन समाप्त होने के बाद भी शोभा यात्रा का आयोजन जारी था। गौरतलब है कि बीती रात हुई इस वारदात के बाद यातायात थाने के सामने अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। चाकू मारने की खबर से वहां भगदड़ मच गई थी और पुलिस को भीड़ को तितरबितर करने के लिए लाठी चलानी पड़ी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here