भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टी20 विश्वकप में मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बिना उतरने को लेकर कहा कि विश्वकप अहम है पर उससे भी महत्वपूर्ण बुमराह का अपने करियर के लिए फिट होना है। रोहित ने कहा कि बुमराह हमारे मुख्य तेज गेंदबाज है और हमें उनकी कमी खलेगी पर उससे भी अहम उनका करियर है। रोहित ने कहा, ‘जहां तक बुमराह की बात है तो उन्होंने हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन किया है पर आप चोटों के बारे में कुछ नहीं कर सकते। हमने विशेषज्ञों से बात की और उन्होंने उन्हें आराम की सलाह दी है। विश्व कप महत्वपूर्ण है नी उनका करियर उससे भी अधिक अहम है। वह अभी युवा हैं और हम उनके करियर को खतरे में नहीं डाल सकते क्योंकि अभी उनमें काफी क्रिकेट बाकी है।’
वहीं इससे पहले शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने आधिकारिक रुप से दिये अपने बयान में कहा कि बुमराह की जगह मोहम्मद शमी को टीम में शामिल किया गया है। बुमराह अभी राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में उपचार करा रहे है। उनकी चिकित्सा रिपोर्ट के आधार पर ही बोर्ड ने यह फैसला किया है जिसमें कहा गया है कि यह तेज गेंदबाज अभी अगले कई महीनों तक क्रिकेट नहीं खेल पायेगा।
उनकी जगह शामिल शमी ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुके हैं और वह ब्रिसबेन में अभ्यास मैचों से पहले टीम से जुड़ेंगे। वहीं मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर को ‘बैकअप’ खिलाड़ी चुना गया और वे जल्द ही ऑस्ट्रेलिया रवाना होंगे।










































