‘बेमौसम’ मार के बाद अब सर्वे की तैयारी, CM भजनलाल का ऐलान; जानें अगले 72 घंटों का मौसम

0

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 21 Mar 2026: राजस्थान में मरुधरा की तपती रेत पर पिछले कुछ दिनों से बादलों ने जो डेरा डाला था, अब वह विदा होने की तैयारी में है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से मरुस्थल के कई हिस्सों में शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश और ओलों ने न केवल मौसम का मिजाज बदला, बल्कि किसानों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। आइए जानते हैं राजस्थान के मौसम के बारे में IMD (मौसम विभाग) का क्या है अनुमान और मुख्यमंत्री ने खराब हुई फसलों को लेकर क्या ऐलान किया है।

राजस्थान में आज का मौसम (21 Mar 2026): राजस्थान में मौसम के अजीबोगरीब मिजाज ने एक बार फिर सबको चौंका दिया है। शुक्रवार को राजधानी जयपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश और ठंडी हवाओं के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे लुढ़क गया। जयपुर में शुक्रवार को पारा महज 26 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे मार्च के महीने में भी लोगों को सिहरन का अहसास हुआ। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि अब ‘यू-टर्न’ का समय आ गया है और कल से राज्य में एक बार फिर सूरज के तेवर तल्ख होंगे।

नोखा में सबसे ज्यादा बरसे बादल, अलवर में छाई धुंध

पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर का नोखा इलाका बारिश का केंद्र रहा, जहां सर्वाधिक 25 मिमी (1 इंच) बारिश दर्ज की गई। वहीं, अलवर समेत कुछ उत्तर-पूर्वी जिलों में आज सुबह इस कदर धुंध छाई रही कि विजिबिलिटी (दृश्यता) 30 मीटर से भी कम रह गई। पहाड़ों जैसी इस धुंध ने सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थाम दी। अजमेर, भीलवाड़ा और सिरोही जैसे शहरों में भी पारा 24 से 27 डिग्री के बीच बना रहा।

अन्नदाता के साथ खड़ी सरकार: तुरंत होगा नुकसान का सर्वे

बेमौसम बारिश और ओलों ने राजस्थान के कई हिस्सों में खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल सर्वे के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर स्पष्ट किया कि “प्रदेश के विभिन्न अंचलों में हुई अतिवृष्टि से अन्नदाताओं को हुए नुकसान के समुचित आकलन हेतु सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल प्रभाव से सर्वेक्षण कर यथाशीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। राजस्थान की समृद्धि का आधार हमारे अन्नदाता भाई-बहन हैं। राज्य सरकार पूर्ण संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ आपके साथ दृढ़तापूर्वक खड़ी है। प्रत्येक प्रभावित किसान को शीघ्र एवं समुचित सहायता उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है।” उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा है ताकि प्रभावित किसानों को समय पर आर्थिक सहायता दी जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here