बे नतीजा रही कर्मचारी परिषद की बैठक

0

नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल तीसरे दिन भी यथावत जारी रही। इस दौरान परिषद और कर्मचारियों की बैठक भी हुई परंतु कोई निर्णय नहीं निकल पाया। कर्मचारियों की मांगो को लेकर परिषद की 7 मार्च को आयोजित बैठक में चर्चा करने की बात कही गई। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी के द्वारा पुलिस सुरक्षा में दूसरे कर्मचारियों से सफाई कार्य करवाने का प्रयास भी किया गया परंतु वह भी विफल रहा। जिसमें सभी कर्मचारी थोड़ी ही देर में वापस हो गए और शाम को समय के अभाव में सफाई कार्य निरस्त कर दिया गया। जिससे हड़ताल पर बैठे कर्मचारी आक्रोशित नजर आये और उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिशा डेहरिया कि उक्त कार्यवाही को तानाशाही बताते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। जहां बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

यह है मामला

नगर पालिका परिषद वारासिवनी के सफाई कर्मचारी 4 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर नगर पालिका के सामने धरने पर बैठे हुए हैं जिनके द्वारा पूर्व में 21 एवं 29 फरवरी को अपनी 8 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन देकर ध्यान आकर्षण करवाया गया था। जिसमें कोई कार्यवाही न होने पर वह धरने पर बैठ गए जिससे नगर के विभिन्न स्थानों एवं वार्डों की सफाई व्यवस्था ढप हो गई है चारों तरफ कचरा और गंदगी का आलम स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। ऐसे में 6 मार्च को मुख्य नगर पालिका अधिकारी के द्वारा हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों से किसी प्रकार की चर्चा नहीं की गई और सुबह करीब 10 बजे पुलिस सुरक्षा के साथ नगर पालिका के कुछ कर्मचारियों एवं ट्रैक्टर लेकर कचरा सफाई करने सब्जी बाजार पहुंचे। जिनके पीछे हड़ताल पर बैठे कर्मचारी भी पहुंचे इस दौरान दोनों आमने-सामने खड़े रहे इसके बाद बिना सफाई करें उक्त कर्मचारी और हड़ताल के कर्मचारी भी वापस अपने-अपने स्थान पर पहुंच गए। इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे मुख्य नगर पालिका अधिकारी के द्वारा स्टाफ एवं सफाई वाहनों को एकत्रित कर नगर की सफाई करने की मंशा से किया गया किंतु उसके पूर्व नगर पालिका के अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। इस परिषद की बैठक के द्वारा विचार मंथन कर हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों के अध्यक्ष उपाध्यक्ष को बुलाकर चर्चा की गई। जिसमें परिषद ने कर्मचारियों के 8 सूत्रीय मांग पत्र पर अपने सुझाव रखे गए की कलेक्टर रेट नगर पालिका की स्थिति सुधारने पर दिया जाएगा वहीं अन्य विषयों पर विस्तार पूर्वक 7 मार्च को होने वाली परिषद की बैठक मैं प्रत्येक बिंदु पर विचार विमर्श का बेहतर निर्णय देने का कार्य किया जायेगा। तो हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों के द्वारा तत्काल निर्णय देने की बात कही गई और यदि तत्काल निर्णय नहीं दे पाते हैं तो हड़ताल जारी रहेगी कल आप बैठक के बाद जो भी आपका निर्णय होगा उसे पर विचार कर हड़ताल का समाप्त करने की बात कह दी। यह बैठक करीब एक से डेढ़ घंटे तक चली जिसमें 5 बजे मुख्य नगर पालिका अधिकारी के द्वारा सफाई के लिए नगर में निकलने की गतिविधि को निरस्त कर दिया गया। इस प्रकार हड़ताल पर बैठे कर्मचारी एवं परिषद की बैठक बेनतीजा रही।

कर्मचारी संघ अध्यक्ष विजय कटारिया ने पदमेंश से चर्चा में बताया कि कर्मचारी हड़ताल पर है तो मैडम ने पुलिस बल के साथ अन्य कर्मचारियों को लेकर कचरा उठाने का कार्य करवाया तो हमने देखा पुलिस थी तो वीडियो बनाएं और फिर वहां से हम और वह भी वापस आ गए। यह एक प्रकार से तानाशाही है कर्मचारियों को मैडम अपनी जिद के आगे परेशान कर रही है। हम चाहते हैं कि हमारे से अधिकारी चर्चा कर कोई समाधान निकाले परंतु ऐसा कुछ नहीं हो रहा है वह कोई निर्णय नहीं कर रहे हैं जिस कारण से नगर का सफाई कार्य बंद पड़ा हुआ है। दोपहर में चर्चा करने बुलाए थे परंतु उसमें भी कोई समाधान नहीं निकले केवल आश्वासन पर रख रहे थे हमने भी निर्णय मांगा है।

रोहित शेखपूरी ने बताया कि हम चाहते हैं कि हमारी मांगे पूरी हो ऐसी स्थिति में दूसरे कर्मचारियों से काम करवाना यह मतलब हमारे पेट पर लात मारना है। हमारे बच्चे व हमारा भविष्य क्या होगा यह हमें सोचना पड़ रहा है जबकि हमारा काम साफ सफाई करना है जो अन्य कर्मचारी हमारा काम करे तो हम कहां जाएंगे। इस प्रकार से हमारी हड़ताल तोड़ने का प्रयास था जो मुख्य नगर पालिका अधिकारी मैडम कर रही है यह एक प्रकार से तानाशाही है। जनप्रतिनिधि भी हमसे मिलने नहीं आ रहे हैं हमारी यदि मांगे पूरी हो जाती है तो हड़ताल हम खत्म कर देंगे।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिशा डेहरिया ने पद्मेश से चर्चा में बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष उपाध्यक्ष और परिषद को बुलाकर चर्चा करने का प्रयास किया गया है जिसमें हड़ताल पर बैठे कर्मचारी के प्रतिनिधि को बुलाकर उनके बिंदु सुने हैं। जिसे परिषद की बैठक में लेने की बात कही गई है जहां पर चर्चा की जाएगी अभी बैठक में केवल विचार किया गया है बैठक का नतीजा यही निकला की मांगों पर विचार किया जायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here