ब्राह्मणों ने हमेशा समाज को राह दिखाई है, सभी समाजों का मार्गदर्शन किया है तथा देश में संस्कार, संस्कृति के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ब्राह्मणों ने हमेशा शांति का संदेश दिया है और सभी के सुख समृद्धि की कामना की है।
यह बात मध्य प्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सर्व ब्राह्मण युवा संगठन की अरण्य एवं केंद्रीय इकाई द्वारा ग्रैंड ओमिनी परिसर में आयोजित दीपावली मिलन समारोह एवं पदाधिकारियों के पदभार ग्रहण समारोह में कही। उन्होंने कहा हम सबके चहेते विधायक रमेश मेंदोला का संकल्प वास्तव में समाज का संकल्प होता है, जनसेवा के प्रति इतना समर्पण प्रदेश में कहीं और देखने को नहीं मिलता।
अपने उद्बोधन में विधायक रमेश मेंदोला ने कहा संगठन का ध्येय वाक्य है, “राष्ट्रभक्ति के सिन्धु हम, ब्राह्मण से पहले हिन्दू हम” और संगठन इसी आधार पर अपना कार्य कर रहा है। ब्राह्मण समाज, हिन्दू समाज की एक इकाई है और यह उन सभी के हित में कार्य करता रहेगा, जिनका जन्म हिंदुस्तान में हुआ है।
मैथिल ब्राह्मण समाज के पं. के.के. झा ने बताया कि समारोह में अतिथियों की उपस्थिति में सर्व ब्राह्मण युवा संगठन के पदाधिकारियों का पदभार ग्रहण समारोह हुआ। संगठन के शहर अध्यक्ष पं. संदीप जोशी के साथ 15 क्षेत्रीय इकाई एवं केंद्रीय कार्यकारिणी को नियुक्ति पत्र दिया गया। नवनियुक्त और समाजसेवियों को अभिनंदन पत्र देकर उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन पं. दिनेश दवे ने किया।
पदभार ग्रहण समारोह में अंबिकाधाम, बालीपुर के योगेश महाराज, महामंडलेश्वर राम गोपाल दास महाराज, महामंडलेश्वर लक्ष्मण दास महाराज, भागवताचार्य रुकमणी देवी, संत जानकी बल्लभ दास, पं. योगेश मिश्रा (मुन्ना भैया), पं. चंद्रमोहन दुबे, संगठन के अध्यक्ष पं. संदीप जोशी, सभापति मुन्नालाल यादव, पं. वीरेंद्र व्यास, पं. जीतू त्रिपाठी, भाजपा नेता गोलू शुक्ला, युवा मोर्चा अध्यक्ष सौगात मिश्रा, पार्षद मनोज मिश्रा, पूर्व एमआईसी सदस्य दिलीप शर्मा, पार्षद संजय चौधरी, दिनेश शर्मा विद्याधाम सहित अनेकों समाजसेवी, नेता एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
समारोह में विधायक रमेश मेंदोला का पुष्पमाला और शाल श्रीफल से सम्मान किया गया। पंडितों द्वारा स्वस्तिवाचन और वैदिक मंत्रों की गूंज भी सुनाई दी। साथ ही सभी पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र व समाजसेवियों को सम्मान पत्र दिया गया। इस अवसर पर समाज बुजुर्ग जो दिवंगत हो गए उन्हें समाजजन द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई।










































