पश्चिम बंगाल में इस समय सियासी उबाल जोरों पर है। पक्ष विपक्ष एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहा है। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को विपक्षी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव से पहले मतदाताओं को रिश्वत देती है। साथ ही ममता बनर्जी ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को हाल के दिनों में “देश का सबसे बड़ा घोटाला” करार दिया।
‘भाजपा चुनाव से पहले मतदाताओं को रिश्वत देती है’
सीएम बनर्जी पूर्वी बर्धमान जिले के खंडघोष में एक रैली को संबोधित कर रही थीं। यहां उन्होंने दावा किया कि अगर भाजपा पश्चिम बंगाल में सत्ता में आई तो वह वहां की जनता से सब कुछ छीन लेगी। बनर्जी ने कहा कि भाजपा चुनाव से पहले मतदाताओं को रिश्वत देती है। लेकिन मतदान समाप्त होते ही वे अपने वादे भूल जाते हैं। बिहार चुनाव में यही देखने को मिला।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए मतदान प्रक्रिया में हेरफेर करने की कोशिश करेगी और लोगों से सतर्क रहने और मतदान मशीन पर नजर रखने का आग्रह किया। बनर्जी ने कहा, ‘मतदान मशीन के प्रति सतर्क रहें। भाजपा ने धीमी गति से मतदान और धीमी मतगणना की योजना बनाई है। उनकी सभी योजनाओं को विफल करें।”
उन्होंने कहा कि एसआईआर हाल के समय में देश का सबसे बड़ा घोटाला है। साथ ही सीएम ने यह भी भविष्यवाणी की कि केंद्र में भाजपा सरकार 2026 में गिर जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि आपकी सरकार 2026 में गिर जाएगी। तब हम आपकी सरकार द्वारा लाए गए सभी जनविरोधी कानूनों को रद्द कर देंगे।”
‘अगर पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्ता में आई,तो बेघर हो जाएंगे लोग’
वहीं उन्होंने आगे कहा कि अगर इस बार चुनाव में भाजपा सत्ता में आती है,तो राज्य में कई लोगों को अपना घर और आश्रय खोना पड़ सकता है। आने वाले दिनों में लोगों के पास न कोई पता होगा, न घर और न ही परिवार। भाजाप सब कुछ छीन लेगी।
‘वेतन आयोग पर झूठ बोल रहे हैं पीएम मोदी’
रैली के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा, हालांकि उन्होंने उनका नाम सीधे तौर पर नहीं लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता आठवें वेतन आयोग लागू करने का वादा कर रहे हैं,लेकिन वे झूठ बोल रहे हैं। उन्हें पहले जानकारी लेनी चाहिए थी। हमने इसी साल फरवरी में अपने राज्य बजट में 7वें वेतन आयोग की घोषणा पहले ही कर दी है। पश्चिम बंगाल ऐसा एकमात्र राज्य है जहां सरकारी कर्मचारियों को पेंशन मिलती है, जबकि अन्य राज्यों में यह सुविधा नहीं है।
इसके अलावा सीएम ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री के उस वादे पर भी सवाल उठाया,जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल के मशहूर खाद्य उत्पाद और मिठाइयों को वैश्विक स्तर पर निर्यात किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह भी नहीं पता कि हम पहले से ही इन उत्पादों को स्थानीय,राष्ट्रीय,और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेच रहे हैं।










































