मध्यप्रदेश में बीते तीन साल से नियुक्ति का इंतजार कर रहे शिक्षक पात्रता परीक्षा में चयनित अभ्यर्थी बुधवार को अलग-अलग स्थानों से एकित्रत होकर भोपाल में सात नंबर बस स्टॉप स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे और धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से इस संदर्भ में ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही धरना से हटने की बात कही है। वहीं महिला शिक्षकों का कहना है कि मुख्यमंत्री को राखी बांधकर उपहार में नियुक्ति पत्र मांगेंगे। जिस प्रकार रक्षाबंधन पर बेटी अपने मायके आती है, इसी प्रकार मध्य प्रदेश की बेटियां अपने मामा को राखी बांधने आई हैं। इस प्रदर्शन में अनेक महिलाएं मुख्यमंत्री के लिए राखियां एवं मिठाई लेकर पहुंची। चयनित शिक्षकों के इस प्रदर्शन को देखते हुए भाजपा मुख्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात है। प्रदर्शन के दौरान तीन महिलाओं के बेहोश होने की भी खबर है।

दरअसल, शिक्षक पात्रता परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों की दस्तावेज सत्यापन के बावजूद नियुक्ति अब तक नहीं हो पाई है। इस संदर्भ में चयनित शिक्षक मनोज रजौरिया ने बताया कि अब तक 15 से ज्यादा बार प्रदर्शन किया जा चुका है, लेकिन हर बार हमें मंत्री और अधिकारियों के तरफ से जल्द नियुक्ति का आश्वासन मिलता है, लेकिन समय गुजरने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती। इस बार बिना नियुक्ति पत्र के यहां से नहीं जाएंगे।
बता दें कि शिक्षक वर्ग-1 के 19200 और शिक्षक वर्ग-2 11300 कुल 30 हजार से ज्यादा पदों को भरने के लिए वर्ष 2018 में नोटिफिकेशन जारी किया गया था। इसके बाद 2200 पद अलग से जोड़े गए थे। इन पदों के लिए पात्रता परीक्षा 2019 आयोजित की गई। इसके नतीजे आने के बाद कोरोना के चलते इनकी नियुक्ति प्रक्रिया बार-बार अटकती रही। कोरोना का प्रकोप कम होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की भी प्रक्रिया पूरी कर ली गई, लेकिन अब तक उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है। इसको लेकर यह प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं प्रदर्शन में शामिल महिला शिक्षक साथ में राखी भी लेकर आई हैं। उनके द्वारा राखी मुख्यमंत्री को बांधकर ही वापस जाने की बात कही जा रही है। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री से मिलने की मांग पर अड़े हैं।