साल 2023 विदा ले चुका है और साल 2024 नई उम्मीदों और विश्वास के साथ दस्तक दे चुका है। बीते साल 2023 में जहां भारत ने जी-20 और चंद्रयान-3 जैसी कई सफलताओं का परचम लहराया था। बीते साल भारत ने मोटे अनाज को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। 77वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधित करते हुए देश को दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का श्रेय 140 करोड़ लोगों के प्रयासों को दिया था।
साल 2024 में होंगे लोकसभा चुनाव
इस साल लोकसभा चुनाव होने वाले हैं और ऐसे में यदि मोदी सरकार फिर सत्ता में लौटती है तो यह देखना दिलचस्प होगा कि मोदी सरकार के पिटारे में से देश के लिए क्या नया निकलने वाला है। दूसरी ओर विपक्ष को एक बार फिर जनता ताज पहनाती है तो वह किस तरह अपने वोटरों की उम्मीदों पर खड़ी उतरेगी।
फिलहाल मोदी सरकार भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने पर ‘अमृत काल’ अभियान चला रही है और भारत को 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने के लक्ष्य को लेकर काम कर रही है। मोदी सरकार ने भरोसा जताया है कि सभी परेशानियों को पार पाकर देश सफलतापूर्वक देश अपने लक्ष्यों को प्राप्त करेगा। देश की आर्थिक स्थिति की बात की जाए तो भारत में बढ़ता मध्यम वर्ग और घटती गरीबी विकास में अहम भूमिका निभाएगा। गरीबी से उभर रहे लोग नए-मध्यम वर्ग का हिस्सा बन रहे हैं। ऐसे में देश की उपभोग वृद्धि (consumption growth) को चलाने वाली एक बड़ी ताकत हैं।
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में भी यह संभावना जताई गई है कि भारत में घरेलू मांग मजबूत होने से साल 2024 में भारतीय अर्थव्यवस्था के 6.7 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है। भारत दुनिया की तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में अव्वल रहेगा। लेकिन इस साल भी ऊंची ब्याज दरों और कमजोर बाहरी मांग के कारण निवेश और निर्यात प्रभावित हो सकता है। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की आर्थिक वृद्धि ‘मजबूत’ बनी रहेगी, लेकिन कुछ चुनौतियां भी आ सकती है।
इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर पर फोकस
इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में नए साल में रेलवे सेक्टर को मजबूत करने का सरकार का फोकस रहेगा। रेलवे एसेट्स के सुधार और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के साथ-साथ नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत, रेलवे स्टेशनों का पुनर्निर्माण और नई रेलवे पटरियां बिछाने से विकास को गति मिलेगी। इस सभी प्रयासों से देश में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी प्रोत्साहन मिलेगा।










































