वॉशिंगटन: भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लगातार बयान दिए हैं। ट्रंप भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम कराने का श्रेय लेने की कोशिश करते दिखे हैं। ऐसा ही दावा उन्होंने एक बार फिर किया है। उनका कहना है कि दोनों देशों के बीच तनाव बहुत ज्यादा बढ़ गया था और ‘N’ तक पहुंच गया था। N शब्द से ट्रंप का इशारा न्यूक्लियर युद्ध की ओर था। डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम में अमेरिकी भूमिका को ‘अपनी बड़ी सफलता’ बताया है। भारत सरकार ने ट्रंप के दावे को सीधे तौर पर नहीं माना है। भारतीय सेना का कहना है कि ये सीजफायर भारत और पाकिस्तान के DGMO के बीच बातचीत से तय हुआ।
डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए हालिया इंटरव्यू में भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के सवाल पर कहा कि यह तनाव इतना बढ़ गया था कि परमाणु युद्ध का खतरा मंडराने लगा था। ट्रंप ने कहा, ‘तनाव लगातार गहरा होता जा रहा था। इसमें अगला कदम ‘N’ होने वाला था। आप जानते ही हैं कि ‘N’ क्या है। यह ‘N’ बहुत ही बुरा(नास्टी) शब्द है।’ एक्सपर्ट का मानना है कि N का इस्तेमाल परमाणु के संदर्भ में किया है।