IND vs PAK Live Score Streaming Online Today Match: आज (15 February 2026) क्रिकेट जगत व फैंस के लिए बहुत बड़ा दिन है। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) में आज भारत और पाकिस्तान मैच (India vs Pakistan Match) का आयोजन होने जा रहा है। एशिया कप 2025 के फाइनल में मिली बड़ी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम पहली बार भारतीय टीम के सामने आने जा रही है और वो भी काफी विवादों के बाद। अब टीम इंडिया इस मैच में भी पाकिस्तान को शिकस्त देकर करोड़ों भारतीय फैंस को देश भर में जश्न मनाने का मौका देना चाहेगी।
आज होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच से पहले एक नजर डाल लेते हैं टी20 विश्व कप में ग्रुप-A की अंक तालिका (Points Table) पर जहां ये दोनों टीमें मौजूद हैं। ताजा अंक तालिका में किसका नेट रन रेट (NRR) ज्यादा बेहतर है? फिलहाल भारत और पाकिस्तान अपने ग्रुप में चार-चार अंकों के साथ बराबरी पर हैं। अब आज कोलंबो में इन दोनों टीमों के बीच होने वाले मैच के नतीजे से पता चलेगा कि ग्रुप टॉपर कौन रहने वाला है। अंकों और रन रेट में टीम इंडिया की मौजूदा स्थिति इस प्रकार है, भारत ने 2 मैचों में 2 जीत के साथ 4 अंक हासिल किए हैं और उसका नेट रन रेट इस समय 3.050 की ऊंचाइयों पर पहुंच चुका है। दूसरी तरफ, पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने भी अपने दोनों मैच जीते हैं और उसके भी चार अंक हैं, हालांकि उनका नेट रन रेट सिर्फ 0.932 पर अटका हुआ है। अगर भारत जीता तो नेट रन रेट में ये फासला पाकिस्तान के लिए मुश्किलें खड़ी करने वाला बन सकता है।
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का मैच कब और किस समय होना है?
टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच टूर्नामेंट का 27वां मुकाबला आज (15 फरवरी 2026, रविवार) को खेला जाना है। मैच भारत के समय के मुताबिक शाम 7 बजे से शुरू होगा और टॉस की टाइमिंग शाम 6:30 बजे है।
इंडिया-पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप मैच कहां खेला जाएगा?
आईसीसी टी20 विश्व कप में इंडिया और पाकिस्तान की टीमों के बीच होने वाले महामुकाबले का आयोजन कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा।
आज टी20 विश्व कप 2026 में होने वाला इंडिया और पाकिस्तान का मैच भारत में टीवी पर कहां देख सकते हैं?
भारत-पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2026 का मैच आप भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports Network) के तमाम चैनलों पर अलग-अलग भाषाओं की कमेंट्री के साथ देख सकेंगे।
टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच होने वाले T20 वर्ल्ड कप मैच की ऑनलाइन लाइव स्कोर स्ट्रीमिंग कहां देख सकते हैं?
T20 वर्ल्ड कप में आज भारत और पाकिस्तान के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग आप जियोहॉटस्टार (JioHotstar App) और उसकी वेबसाइट पर लाइव देख सकेंगे।
T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमें
टीम इंडिया: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, रिंकू सिंह, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन और अर्शदीप सिंह।
पाकिस्तान टीम: सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर), उस्मान तारिक, सलमान मिर्जा और नसीम शाह।
दोनों टीमों में कौन होने वाला है आज के मैच का ‘ट्रम्प कार्ड’
भारत और पाकिस्तान के बीच आज होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के मैच में टीम इंडिया कोलंबो की पिच पर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) को उतारने की तैयारी में है, यानी वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल के बाद एक और स्पिनर खेलेगा, लेकिन ये चाइनामैन स्पिनर पाकिस्तान को हमेशा से परेशान करता आया है। कोलंबो में गेंद लगातार घूम रही है और इस विश्व कप में ये बार-बार नजर आया है। कुलदीप यादव विश्व स्तरीय रहस्यमयी स्पिनर हैं जो भारत के लिए इस मैच में ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं। वहीं, पाकिस्तान के लिए उनके अजीबोगरीब एक्शन वाले उस्मान तारिक (Usman Tariq) ट्रंप कार्ड होंगे, जिसका ऐलान खुद उनके कप्तान सलमान आगा भी कर चुके हैं। देखना दिलचस्प होगा कि दोनों टीमों के इन दो ट्रम्प कार्ड में आखिर मैच का रुख कौन तय करने वाला है।









































