भारत में ओमिक्रोन के मरीजों की संख्या 37 हो गई है। रविवार को आंध्र प्रदेश और चंडीगढ़ के साथ ही कर्नाटक में नए केस मिले हैं। आंध्र प्रदेश का पहला मामला है। आयरलैंड के 34 वर्षीय यात्री में इस वैरिएंट का पता चला था। इससे पहले शनिवार को दिल्ली में एक और मरीज मिलने के बाद देश में इस वैरिएंट के 32 मरीज हो गए थे। सबसे ज्यादा 17 मरीज महाराष्ट्र में हैं। इसके अलावा कर्नाटक, दिल्ली, गुजरात और राजस्थान में मरीज मिले हैं। इस बीच, महाराष्ट्र और राजस्थान से अच्छी खबर आई है। महाराष्ट्र में ओमिक्रोन से ठीक होने वाला पहला मरीज सामने आया है। इसी तरह राजस्थान में कुछ मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कुल मिलाकर महाराष्ट्र और राजस्थान में अस्पताल से छुट्टी पाने वाले मरीजों की संख्या 15 पहुंच गई है।
चंडीगढ़ में भी मिला ओमिक्रोन का पहला मरीज
इस बीच, चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने बताया है कि इटली का 20 वर्षीय व्यक्ति 22 नवंबर को भारत आया था और 1 दिसंबर को उसमें कोरोना की पुष्टि हुई थी। अब उसकी Omicron रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। मरीज को फाइजर वैक्सीन का पूरा टीका लगाया गया है। उसका आज फिर से COVID-19 के लिए परीक्षण किया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है।
Omicron India Updates: शनिवार को दिल्ली में मिला था दूसरा केस
शनिवार को दिल्ली में Omicron का दूसरा मरीज मिला था। जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका की यात्रा से लौटे 35 वर्षीय व्यक्ति की ओमाइक्रोन रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। मरीज को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि उसे केवल कमजोरी महसूस हो रही है, कोई दूसरा लक्षण नहीं है।