राजधानी भोपाल सहित समूचे प्रदेश में कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के शासन के प्रयास रंग ला रहे हैं। इसी का नतीजा है कि कोरोना संक्रमण दर भी लगातार घट रही है। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को 324 कोरोना मरीजों की पहचान हुई। कुल 7051 सैंपलों की जांच में इतने मरीज मिले हैं। इस तरह संक्रमण दर 4.5 फीसद रही। इससे एक दिन पहले भोपाल में कुल 7018 सैंपलों की जांच में 389 नए मरीज मिले थे और संक्रमण दर 5.5 फीसद रही थी। यदि पिछले नौ दिन के आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि संक्रमण दर में 5.5 फीसद तक की कमी आई है। इस माह के बाकी तीन दिनों में संक्रमण दर तीन फीसद से कम पर लाने की तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है।
भोपाल में ऐसे घट रही संक्रमण दर
दिनांक — संक्रमित मरीज– कुल सैंपल जांच– संक्रमण दर
28 मई– 324– 7051– 4.527
मई– 389– 7018– 5.526
मई– 409– 7921– 5.125
मई– 433– 5925– 7.324
मई– 529– 7151– 7.323
मई– 572– 7561– 7.522
मई– 577– 7058– 8.121
मई– 649– 7175– 9.020
मई– 609– 6045– 10
शहर को अनलॉक करने की तैयारीप्रदेश सहित राजधानी भोपाल में एक जून से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए फिलहाल तैयारियां चल रही है। एक जून से आंशिक रूप से अनलॉक करने की तैयारियां चल रही है। फिलहाल रोजमर्रा की जरूरतों से संबंधित दुकानें खोली जाएंगी। इसमें किराना, फल, सब्जी सहित सैलून खोलने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके अलावा रेस्टोरेंट, होटल, मॉल, स्वीमिंग पूल, सिनेमा घर, जिम फिलहाल नहीं खुलेंगे। निजी संस्थानों को कुछ स्टाफ के साथ खोलने की अनुमति दी जा सकती है। इधर, शहर में नाइट कर्फ्यू जारी रहने पर विचार किया जा रहा है। वहीं शनिवार और रविवार को लॉकडाउन लगाने की बात भी कही जा रही है, ताकि संक्रमण न फैले। अनलॉक कितने चरणों में खोला जाएगा इसे लेकर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि यह सब जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में निर्णय के बाद ही तय किया जाएगा। इधर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि पूरा शहर एक साथ नहीं खोला जाएगा बल्कि धीरे-धीरे अनलॉक किया जाएगा।










































