भोपाल में भीम आर्मी का शक्ति प्रदर्शन:जातिगत जनगणना समेत 15 से ज्यादा मांगों को लेकर जुटे हजारों कार्यकर्ता; चंद्रशेखर रावण भरेंगे हुंकार

0

राजधानी भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आज दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग के संगठनों का बड़ा शक्ति प्रदर्शन है। कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में लोग नजर आ रहे हैं। इसके लिए रात से ही कार्यकर्ताओं का कार्यक्रम स्थल पर जुटना शुरू हो गया था। ये प्रदर्शन जातिगत जनगणना कराने, प्रदेश सरकार से प्रमोशन में आरक्षण का कानून बनवाने, आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करवाने जैसी 15 से ज्यादा मांगों को लेकर हो रहा है। यहां होने वाली जनसभा को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद रावण संबोधित करेंगे।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार आस्तेय का दावा है कि प्रदर्शन में 5 लाख लोग शामिल होंगे। चंद्रशेखर के अलावा OBC नेता प्रीतम लोधी, व्यापम कांड के व्हिसिल ब्लोअर डॉ. आनंद राय, सुनील आस्तेय, सुनील बैरसिया सहित प्रदेश भर के भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता और SC/ST के लोग इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।

रात से ही भेल दशहरा मैदान पर डटे कार्यकर्ता

प्रदर्शन के लिए प्रदेशभर से भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रात में ही राजधानी पहुंच गए थे। भोपाल में पहली बार इन दोनों संगठनों का इतना बड़ा शक्ति प्रदर्शन हो रहा है।

पंचायत और नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि भी शामिल

मप्र में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। इस लिहाज से आज का शक्ति प्रदर्शन काफी अहम माना जा रहा है। BJP और कांग्रेस से नाराज नेता और खासकर दलित और युवा इस कार्यक्रम में बुलाए गए हैं। जिला पंचायत, जनपद पंचायत सदस्यों के साथ ही सरपंच और पार्षद भी आज के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं। आजाद समाज पार्टी इस साल के विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतार सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here