उत्तर भारत में ठंड का दौर जारी है। पंजाब से बिहार तक हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा फैला हुआ है। पिछले 24 घंटों में उत्तर पश्चिमी राजस्थान, जम्मू, बिहार और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाया रहा। भटिंडा और आगरा में जीरो विजिबिलिटी रही।
आगे मौसम कैसा रहेगा
मौसम वैज्ञानिक डॉ. जीडी मिश्रा के मुताबिक अगले 24 घंटे में उत्तर भारत में एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहुंच रहा है, जो स्ट्रॉन्ग है। इसके कारण दिल्ली NCR, पंजाब, हरियाणा में बारिश हो सकती है। साथ ही उत्तर भारत के राज्यों में तेज ठंड पड़ने और पहाड़ों पर बर्फबारी होने के आसार हैं।
मौसम से जुड़े बड़े अपडेट्स…
- दिल्ली में लगातार 5 दिन से छाए कोहरे के कारण लगभग 70 उड़ानें और 40 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।
- IMD ने दिल्ली को यलो अलर्ट पर, जबकि पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों को रेड अलर्ट पर रखा है।
- उत्तर रेलवे की 36 ट्रेंने कोहरे के कारण लेट चल रही हैं।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में तापमान 25.1 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से ज्यादा है। हालांकि, रात का पारा अभी 7.2 डिग्री है। हालांकि, उत्तर भारत में पहुंचने वाले एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण ठंड दोबारा जोर पकड़ेगी।
पिछले 24 घंटे- नौगांव में रात का तापमान 1.5 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेशभर में यह सबसे ठंडा रहा। सिर्फ सात जिलों नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, रतलाम, सिवनी, नरसिंहपुर और धार में ही रात का तापमान 8 डिग्री से ज्यादा रहा।
अगले 24 घंटे- मौसम वैज्ञानिक डॉ. जीडी मिश्रा के मुताबिक अगले 24 घंटे में उत्तर भारत में एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहुंच रहा है। यह स्ट्रॉन्ग है। इसका असर भोपाल समेत मप्र के कई इलाकों में 14 जनवरी से दिखने लगेगा। दिन में कोहरा रहने और रात में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।