मटर की ब्रांडिंग के लिए 24 दिसंबर से जबलपुर में होगा मटर फेस्‍टिवल

0

जबलपुर में उत्पादित मटर की ब्रांडिंग और मार्केटिंग के लिए 24 से 28 दिसम्बर तक शहर में मटर फेस्टिवल का आयोजन किया जायेगा। मटर फेस्टिवल के पहले दिन होटल कल्चुरी में होटल एवं रेस्टारेंट व्यवसायियों द्वारा स्टॉल लगाकर मटर से बने लजीज व्यंजन प्रदर्शित किये जायेंगे। इस दौरान मटर से बने व्यंजनों की ओपन प्रतियोगिता भी होगी जिसमें होटल एवं रेस्टारेंट व्यवसायी तथा नागरिक भी शामिल हो सकेंगे।

यह जानकारी कलेक्टर कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मटर फेस्टिवल के आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठकर में दी। उन्होंने बताया कि मटर फेस्टिवल के लिए माइक्रो लेवल पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं। बैठक में बताया गया कि मटर फेस्टिवल के पहले दिन होटल कल्चुरी में मटर से बने व्यंजनों को प्रदर्शित करने के अलावा फेस्टिवल के शेष दिनों में शहर में स्थित सभी होटल एवं रेस्टारेंट अपने यहां मटर से बने व्यंजन ग्राहकों को परोसेंगे। इस दौरान होटल एवं रेस्टारेंट में मटर फेस्टिवल के बैनर, पोस्टर लगाये जायेंगे। इसमें जबलपुरी मटर का लोगो लगा होगा।

उन्होंने फेस्टिवल के पहले जबलपुरी मटर की बुआई से लेकर उत्पादन, प्रसंस्करण, मार्केट एवं उपयोगिता लेकर ब्रोशर तैयार करने की जरूरत बताई। बैठक में बताया गया कि मटर फेस्टिवल के दौरान होटलों में आने वाले ग्राहकों के लिए प्रतिदिन लकी ड्रा निकाले जायेंगे। इसके अलावा मटर फेस्टिवल के आयोजन के करीब दस दिन पहले से होटल व्यावसायियों द्वारा ग्राहकों को डिस्काउंट कूपन भी दिये जायेंगे। ये कूपन अगले सौ दिनों तक के लिए वैध रहेंगे। बैठक में बताया गया कि मटर फेस्टिवल में पहले दिन आयोजित ओपन प्रतियोगिता के मटर से बने लजीज व्यंजनों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जायेगा।

बैठक में जिला पंचायत की सीईओ रिजु बाफना, सीईओ स्मार्ट सिटी निधि सिंह राजपूत, उपसंचालक उद्यानिकी डॉ. नेहा पटैल, होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य आदि मौजूद थे। बैठक में जिले में स्थित सभी कृषि उपज मंडियों के सचिवों को जबलपुर से बाहर जाने वाली मटर की हर बोरी पर जबलपुरी मटर का ट्रेडमार्क अनिवार्य रूप से लगवाने के निर्देश गए। कलेक्टर ने कहा कि इसके लिए सभी सचिव मटर व्यापारियों की बैठक लें और उन्हें जबलपुरी मटर के ट्रेडमार्क लगी बोरियों में ही मटर बाहर भेजने के निर्देश दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here