मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए प्रत्याशियों के पास अंतिम तीन दिन बचे हैं। सभी प्रत्याशियों ने अपने-अपने क्षेत्र में प्रचार पर पूरी ताकत झोंक दी है। प्रचार 15 नवंबर की शाम से बंद हो जाएगा।
इसके पहले भाजपा कार्यकर्ताओं, नेताओं और प्रत्याशियों को 14 नवंबर को आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रोड़ शो की तैयारियों में जुटना है। वहीं कांग्रेसियों को 15 नवंबर को संभावित राहुल गांधी के रोड़ शो में लगना है। ऐसी स्थिति में प्रत्याशियों के पास प्रचार के लिए बहुत ही कम समय बच रहा है।
ज्यादा से ज्यादा क्षेत्र तक पहुंचने की होड़
प्रत्याशियों के सामने कम से कम समय में ज्यादा से ज्यादा क्षेत्र तक पहुंचने की चुनौती भी है। ग्रामीण विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के सामने तो अलग ही चुनौती है। महू विधानसभा सीट के क्षेत्र में कम से कम 50 गांंव ऐसे हैं जो पहाड़ी क्षेत्र में बसे हैं। इन गांवों तक पहुंचना प्रत्याशियों के लिए मुश्किल भरा है। इसी तरह सांवेर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्र होने से असमंजस बना रहता है।